
राहुल गांधी की पसंद का रखा ख्याल, लेकिन टीम बनाने में मल्लिकार्जुन खड़गे ने तोड़ा पहला चुनावी वादा?
AajTak
कांग्रेस अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालते ही मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपनी टीम का गठन किया. उन्होंने राहुल गांधी की पसंद का तो पूरा ख्याल रखा, लेकिन 50 साल से कम उम्र के एक ही सदस्य को जगह दी. इस तरह खड़गे कांग्रेस की सबसे अहम टीम में उदयपुर संकल्प को अमलीजामा नहीं पहना सके, न ही चुनावी वादे को पूरा कर सके.
कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालते ही मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. उन्होंने कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की जगह स्टीयरिंग कमिटी यानी संचालन समिति का गठन किया है. खड़गे ने स्टीयरिंग कमिटी में 47 सदस्यों को जगह दी है, जिसमें सोनिया गांधी से लेकर पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को जगह दी है. स्टीयरिंग कमेटी में खड़गे के खिलाफ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने वाले नेता शशि थरूर को जगह नहीं मिल पाई है. माना जा रहा है कि अब ये कमेटी कांग्रेस पार्टी को लेकर सभी बड़े फैसले लेगी.
मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को सुबह कांग्रेस अध्यक्ष पद की शपथ ली. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी में 50 फीसदी पद 50 साल से कम उम्र के युवाओं को देने का ऐलान किया था. इतना ही नहीं उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान भी 50 फीसदी पद युवाओं को देने का वादा किया था. हालांकि, बुधवार को देर शाम जब खड़गे ने अपनी टीम का ऐलान किया तो कांग्रेस वर्किंग कमेटी के बदले 47 सदस्यों की स्टीयरिंग कमेटी की घोषणा की, जिसमें एक सदस्य को छोड़कर बाकी सदस्यों की उम्र 50 साल से ऊपर थी.
खड़गे की 47 सदस्यीय टीम में सिर्फ एक सदस्य की उम्र 50 साल से कम की है. यह तमिलनाडु के विरुधुनगर से लोकसभा सांसद बी मनिकम टैगोर हैं, जिन्हें खड़गे ने अपनी टीम में शामिल किया है. स्टीयरिंग कमेटी में सदस्य बने बी मनिकम टैगोर की उम्र 47 साल है. इसके अलावा खड़गे की टीम में जिन नेताओं को जगह मिली है, उनकी उम्र 50 साल या फिर ज्यादा की है. इस तरह से खड़गे ने अपनी पहली टीम बनाने में ही अपने चुनावी वादे को तोड़ दिया है. इतना ही नहीं उदयपुर के संकल्प को अमलीजामा पहनाने में भी सफल नहीं हो पाए.
मल्लिकार्जुन खड़गे की टीम में शामिल सदस्यों की फेहरिश्त देखें तो प्रियंका गांधी वाड्रा और देवेंद्र यादव की उम्र 50 साल है. राहुल गांधी 52 साल, जितेंद्र सिंह 51 साल, हरीश चौधरी 52 साल, दिनेश गुंडु राव 53 साल और रणदीप सुरेजवाला 55 साल के हैं. इसके अलावा अजय माकन 58 साल, केसी वेणुगोपाल 59 साल और कुमारी शैलजा 60 साल की हैं जबकि टीम के बाकी सदस्यों की उम्र 60 साल के ऊपर है.
कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर ताजपोशी के बाद खड़गे ने अपनी पहली टीम में भले ही राहुल गांधी की पसंद के नेताओं को जगह दी है, लेकिन ज्यादातर सदस्यों की उम्र 50 साल के ऊपर की है. उदयपुर के चिंतन शिविर में 50 प्रतिशत पद कांग्रेस में हर स्तर पर, ब्लॉक, जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं को दिए जाने का संकल्प लिया गया था. ऐसे कर्मठ कार्यकर्ता जिनकी 50 वर्ष से कम उम्र है, उनको मौका मिलने की उम्मीद लगाई जा रही थी. खड़गे ने चुनाव जीतने पर कहा था कि हम उदयपुर घोषणा पत्र को लागू करेंगे.
कांग्रेस में अभी तक हर बड़ा फैसला कांग्रेस कार्य समिति (CWC) द्वारा लिया जाता था. इस हाई प्रोफाइल कमेटी में कुल 23 सदस्य होते हैं, लेकिन मल्लिकार्जुन खड़गे ने उस कांग्रेस कार्य समिति को भंग कर दिया है. अब उसकी जगह पर एक नई कमेटी बना दी है, जिसे स्टीयरिंग कमिटी का नाम दिया है. इसमें 47 सदस्यों को जगह दी गई है. माना जा रहा है कि अब ये कमेटी कांग्रेस पार्टी को लेकर सभी बड़े फैसले लेगी.

MP विधानसभा के बजट सत्र में गुरुवार को उस समय मर्यादाएं तार-तार हो गईं, जब कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बीच तीखी बहस ने अपमानजनक मोड़ ले लिया. सदन में इस्तेमाल किए गए असंसदीय शब्दों के कारण न केवल कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी, बल्कि मुख्यमंत्री को भी मोर्चा संभालना पड़ा.

केरल स्टोरी 2 फिल्म को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. मुस्लिम पक्ष इस फिल्म को राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी सरकार का प्रोपेगेंडा बता रहा है. दूसरी ओर, फिल्म मेकर और सरकार के समर्थक कह रहे हैं कि जो भी घटनाएं हुई हैं, उन्हीं पर इस फिल्म की कहानी आधारित है. इसी बीच कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी इस फिल्म पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.











