
राष्ट्रपति भवन से हटेगी लुटियंस की प्रतिमा, PM मोदी ने किसकी मूर्ति लगाने का किया ऐलान? जानें सब कुछ
ABP News
Rashtrapati Bhavan: प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति भवन को लेकर 'मन की बात' कार्यक्रम में बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि लुटियंस की प्रतिमा को हटाया जाएगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (22 फरवरी) को राष्ट्रपति भवन को लेकर अहम घोषणा की. उन्होंने 'मन की बात' कार्यक्रम के दौरान कहा कि राष्ट्रपति भवन में लगी ब्रिटिश वास्तुकार एडविन लुटियंस की प्रतिमा को हटाया जाएगा. इसकी जगह आजाद भारत के पहले भारतीय गवर्नर-जनरल सी. राजगोपालाचारी की मूर्ति लगाई जाएगी. पीएम मोदी ने कहा कि दुर्भाग्य से, स्वतंत्रता के बाद भी राष्ट्रपति भवन में ब्रिटिश प्रशासकों की मूर्तियां बनी रहीं, जबकि देश के महान सपूतों की मूर्तियों को वहां स्थान देकर सम्मानित नहीं किया गया.
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश गुलामी के प्रतीकों को पीछे छोड़कर भारत की संस्कृति से जुड़ी चीजों को महत्व देने लगा है. उन्होंने कहा, 'राष्ट्रपति भवन में ब्रिटिश वास्तुकार एडविन लुटियंस की एक प्रतिमा भी स्थापित थी. अब इस प्रतिमा के स्थान पर राजाजी (सी. राजगोपालाचारी) की प्रतिमा लगाई जाएगी.'
गुलामी की मानसिकता से मिलेगी मुक्ति - पीएम मोदी
मोदी ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान उन्होंने लाल किले से 'पंच प्रणों' की बात कही थी. उनमें से एक है, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति. उन्होंने कहा कि इस दिशा में राष्ट्रपति भवन ने भी एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. राष्ट्रपति भवन में 23 फरवरी को ‘राजाजी उत्सव’ मनाया जाएगा. इस अवसर पर राष्ट्रपति भवन के केन्द्रीय प्रांगण में सी. राजगोपालाचारी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा.













