
राजस्थान: पड़ोसियों ने रास्ता खराब होने का मारा था ताना, किसान ने बहू की विदाई के लिए भेजा हेलिकॉप्टर
AajTak
दूल्हे के पिता राधेश्याम सैनी का कहना है कि गांव का रास्ता बेहद खराब है और दो महीने पहले जब मेरे बेटे की शादी तय हुई थी तो इसे लेकर गांव वाले ताना मार रहे थे कि बहू को हेलिकॉप्टर से लेकर आना इसलिए उन्होंने तय किया कि अब उनकी बहू ससुराल हेलिकॉप्टर से ही आएगी.
दुल्हन या बेटियों को हेलिकॉप्टर से विदा करने का चलन बढ़ता जा रहा है. राजस्थान के भरतपुर से एक ऐसा ही नजारा देखने को मिला. जहां पर गरीब परिवार की बेटी को दुल्हन बनाकर हेलिकॉप्टर से ससुराल लाया गया. दुल्हन की इस शानदार विदाई को देखने के लिए गांव के काफी लोग मौके पर इकट्ठा हो गए. गांव में जहां गाय-भैंस और बकरियां चरती हैं, वहां पर अचानक हेलिकॉप्टर को उतारा गया. यह देखकर ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. गांव वाले घंटों खड़े होकर हेलिकॉप्टर को निहारते रहे. सुरक्षा के लिहाज से पुलिस द्वारा हेलिकॉप्टर के चारों तरफ बेरिकैडिंग की गई थी. साथ ही कुछ पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया था.













