
यूपी चुनाव 2027 से पहले 'राम' पार्टी का ऐलान, मथुरा से बजा बिगुल, किसकी बढ़ेगी मुश्किल?
ABP News
UP News: अलंकार अग्निहोत्री ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और UGC के नए नियम से जुड़े विवाद को लेकर अपने सिटी मजिस्ट्रेट के पद से इस्तीफा दे दिया था.
यूपी के चर्चित अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने वृंदावन से अपनी नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा कर दी है. वृंदावन से हुंकार भरते हुए अलंकार अग्निहोत्री ने अपनी पार्टी के नाम राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (R.A.M.) का ऐलान किया है. इस दौरान पार्टी के नाम और चुनाव चिन्ह का पोस्टर भी जारी किया गया है. समर्थकों की मौजूदगी में की गई इस घोषणा को आगामी चुनावी समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है.
बता दें कि अलंकार अग्निहोत्री ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और UGC के नए नियम से जुड़े विवाद को लेकर अपने सिटी मजिस्ट्रेट के पद से इस्तीफा दे दिया था. हालांकि, पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने पूर्व में ही पत्रकारों से चर्चा के दौरान इस बात की घोषणा की थी कि सोमवार को वृंदावन की पावन धरा से नई राजनीतिक पार्टी के नाम का औपचारिक ऐलान किया जाएगा.
नई पार्टी के ऐलान के बाद अलंकार अग्निहोत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पत्रकारों से रूबरू हुए. उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि, सरकारी व्यवस्थाओं ने जो हमारे मूल अधिकारों का हनन किया है, उन मूल अधिकारो पाने के लिए जो मोर्चा गठित हो रहा है, उसी क्रम में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (R.A.M) नाम आया है.
उन्होंने कहा कि, राम पार्टी के झंडे में भगवान कृष्ण की बांसुरी और भगवान श्रीराम का धनुष है. हमने जो झंडा डिजाइन किया है, वो भारत के संविधान की मूल आत्मा को प्रदर्शित करता है. उन्होंने कहा कि, "यूजीसी एक्ट के विरोध में पूरा देश सड़कों पर हैं, केंद्र में जो सरकार बैठी हुई है वह गैर सनातनी सरकार है."













