
मरीज, डॉक्टर और 2 अटेंडेंट...रांची में क्रैश हुई एयर एम्बुलेंस में कौन-कौन था सवार, सामने आई लिस्ट
ABP News
Ranchi Air Ambulance Crash: रांची से दिल्ली के लिए उड़ा मेडिकल एंबुलेंस विमान चतरा में क्रैश हो गया. इसमें मरीज समेत सात लोग सवार थे और सभी की मौत हो चुकी है.
रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस सोमवार (23 फरवरी 2026) को चतरा जिले के सिमरिया में क्रैश हो गया. उड़ान के दौरान शाम 7.34 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से उसका संपर्क अचानक से टूट गया. इसके बाद विमानन अधिकारियों ने तत्काल हाई अलर्ट जारी कर दिया. इसमें मरीज समेत सात लोग सवार थे और सभी की मौत हो चुकी है.
मरीज की पहचान 41 साल के संजय कुमार के रूप में हुई है. विमान में इसके अलावा दो अटेंडेंट अर्चना देवी और धुरु कुमार, डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता, पैरामेडिक सचिन कुमार मिश्रा और दो पायलट कैप्टन विवेक विकास बिलागत और कैप्टन सवरदीप सिंह सवार थे. बताया जा रहा है कि मृतक मरीज संजय कुमार लातेहार जिला के चंदवा का रहने वाला था, जो कि रांची के देवकमल हॉस्पिटल में भर्ती था.
मरीज को क्या समस्या थी?
मरीज संजय कुमार को पेट्रोलियम प्रोडक्ट से आग लगने के कारण बर्न इंजरी हुई थी. हादसे में उनके शरीर का करीब 63 फीसदी हिस्सा झुलस गया था. उन्हें इसी हालत में रांची के देवकमल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था जहां शुरुआती इलाज और सपोर्टिव ट्रीटमेंट दिया गया. मरीज की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी थी, जिसके बाद एयर एम्बुलेंस के जरिए दिल्ली ले जाया जा रहा था.













