
'भारत में अमेरिकी सामानों पर जीरो टैरिफ...?', ट्रंप के दावे की क्या है हकीकत
AajTak
भारत और अमेरिका ने ट्रेड डील पर सहमति बनने की घोषणा कर दी है. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने भारत पर लगाए गए 25 फीसदी टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी कर दिया है. उन्होंने कहा कि बदले में अमेरिकी उत्पादों पर भारत टैरिफ और गैर-टैरिफ अवरोधों को कम करेगा.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि उन्होंने भारत के साथ एक व्यापार समझौते पर सहमति बना ली है. इस समझौते के तहत अमेरिका, भारतीय सामानों पर लगने वाले रेसिप्रोकल टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा. ट्रंप ने ये भी दावा किया कि अमेरिकी उत्पादों पर भारत अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ अवरोधों को कम करने जा रहा है, संभवतः कुछ मामलों में अमेरिकी निर्यात पर भारतीय टैरिफ जीरो रहेगा.
ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की. उन्होंने पीएम मोदी को एक महान मित्र और अपने देश का शक्तिशाली और सम्मानित नेता बताया. ट्रंप ने कहा कि दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों पर चर्चा की. अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि पीएम मोदी ने रूस से तेल खरीदना बंद करने और इसके बजाय अमेरिका से या संभवतः वेनेजुएला से अधिक तेल खरीदने पर सहमति जताई है. उनका कहना था कि यह कदम यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में मदद करेगा.
हालांकि, व्यापार की भाषा में इस तरह का बयान आमतौर पर चुनिंदा अमेरिकी उत्पादों पर ड्यूटी को कम करने या चरणबद्ध तरीके से खत्म करने की सैद्धांतिक सहमति को दर्शाता है, न कि सभी आयात शुल्कों को तत्काल समाप्त करने को. ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल पोस्ट में जिन गैर-टैरिफ अवरोधों का जिक्र किया, उनमें विभिन्न प्रतिबंध शामिल होते हैं जैसे- लाइसेंसिंग रूल, कोटा, सर्टिफिकेशन की शर्तें, लोकल सोर्सिंग रूल और रेगुलेटरी मंजूरियां, जो किसी दूसरे देश के उत्पादों के लिए बाजार तक पहुंच को सीमित करती हैं.
भारत पर टैरिफ 50% से 18% हुआ?
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में ये स्पष्ट नहीं किया कि भारत पर रूसी तेल खरीद को लेकर दंड के तौर पर लगाए गए अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ को हटाया गया है या नहीं. हालांकि, भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने आजतक से एक्सक्लूसिव बातचीत में स्पष्ट किया कि फाइनल टैरिफ रेट 18% ही रहेगा. उन्होंने कहा, 'टैरिफ को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमति बन चुकी है. अंतिम टैरिफ 18 प्रतिशत ही होगा. इसमें एक घंटा लगे या दो दिन, कुछ तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करनी हैं और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर होने हैं, लेकिन अंतिम आंकड़ा 18 प्रतिशत ही रहेगा.'
डोनाल्ड ट्रंप ने भले ही अपने ट्रुथ सोशल पोस्ट में दावा कर दिया कि पीएम मोदी ने रूस से तेल नहीं खरीदने पर सहमति जताई है और इसके बजाय अमेरिका या संवभत: वेनेजुएला से अधिक तेल आयात की बात कही है. लेकिन पीएम मोदी ने अपने 'X' पोस्ट में इस बारे में कोई जिक्र नहीं किया और न ही भारत सरकार की ओर से इस संबंध में कोई बयान है. इसलिए भारत के अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ जीरो करने और रूसी तेल खरीदना बंद करने का ट्रंप का दावा सिर्फ एकतरफा ही है, जब तक भारत की ओर से इस पर कोई आधिकारिक जवाब नहीं आता.

वेस्ट एशिया में छिड़ी जंग के बाद पैदा हुए हालातों पर प्रधानमंत्री लोकसभा को संबोधित कर रहे हैं. इस बीच उन्होंने कहा कि अब इस संकट को 3 सप्ताह से ज्यादा हो रहा है. इसका पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था पर, लोगों के जीवन पर बहुत ही विपरित असर हो रहा है. इसलिए पूरी दुनिया इस संकट के जल्द से जल्द समाधान के लिए सभी पक्षों से आग्रह भी कर रही है.












