
पति ने पत्नी से छिपाकर रखा था 'राज', तलाक के बाद पत्नी मालामाल!
AajTak
पति और पत्नी का तलाक का केस कोर्ट की चौखट तक पहुंच गया. इसी दौरान तलाक से पहले पति की संपत्ति की जांच हुई. इस दौरान पति की पोल खुल गई. दरअसल, पति ने पत्नी के समक्ष दावा किया था कि उसके पास बहुत ही कम धनराशि है. लेकिन, जांच में पति की आमदनी करोड़ों रुपए में निकली.
पति और पत्नी की आपस में अनबन हो गई. इसके बाद दोनों ने एक दूसरे से तलाक लेने के लिए कोर्ट का रुख किया. पति ने इस दौरान कोर्ट में बताया कि उसके पास महज 12 लाख रुपए की जमा-पूंजी है. लेकिन, जब शख्स की संपति की जांच हुई तो पता चला कि उसकी सालाना आमदनी साढ़े तीन करोड़ रुपए से भी ज्यादा है. इसके बाद पत्नी को तलाक के फलस्वरूप पति की संपत्ति का 60% हिस्सा मिला.
चीन की राजधानी बीजिंग में सामने आया यह तलाक का अजीबोगरीब मामला सोशल मीडिया पर छाया हुआ है.
'बीजिंग डेली' के मुताबिक, पति ली ने अपनी पत्नी झांग से अपनी मूल संपत्ति और आमदनी की जानकारी छिपाकर रखी. जब दोनों का तलाक का मामला कोर्ट में पहुंचा तो झांग ने कोर्ट से गुहार लगाई कि पति की संपत्ति की जांच की जाए. जब संपत्ति की जांच हुई तो पता चला कि ली ने तलाक की प्रक्रिया से पहले ही अपने अकाउंट से धनराशि निकाल ली थी.
दरअसल, ली ने यह सब इसलिए किया ताकि उन्हें तलाक की एवज में पत्नी को कम पैसा देना पड़े. तलाक के बाद ली को झांग को 60 फीसदी धनराशि देनी पड़ी.
हालांकि, ली ने झांग को तलाक के बाद कुल कितनी धनराशि मुआवजे के तौर पर दी है? यह जानकारी सामने नहीं आ सकी है. पर, चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Weibo पर इस घटना की खूब चर्चा हो रही है.
चीन में तलाक के कानून को लेकर हुआ बड़ा बदलाव













