
दिल्ली-NCR में प्री-मॉनसून एक्टिव, इस हफ्ते फिर बरसेंगे बादल, जानें मौसम पर ताजा अपडेट
AajTak
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस सप्ताह दिल्ली और आसपास के इलाकों में एक-दो बार फिर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ रेखा के असर से 19 और 20 मार्च को मौसम दोबारा सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं.
दिल्ली-एनसीआर में प्री-मानसून सीजन की शुरुआत हो गई है और रविवार 15 मार्च को हल्की बारिश दर्ज की गई. बारिश बहुत तेज नहीं थी, लेकिन इसका दायरा काफी बड़ा रहा. दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम के कई हिस्सों में भी हल्की बारिश हुई. रविवार सुबह से ही उत्तरी मैदानी इलाकों में बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई थीं, जो दोपहर तक जारी रहीं. इसके बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिला.
मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में इस सप्ताह के दौरान एक-दो बार और बारिश होने की संभावना है. रविवार को हुई बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली.
इससे पहले एक सप्ताह से अधिक समय तक अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ था. 7 से 12 मार्च के बीच लगातार छह दिनों तक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया था और 11 मार्च को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. हालांकि 15 मार्च को अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस महीने का अब तक का सबसे कम तापमान है, हालांकि यह सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा.
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पहाड़ी इलाकों के ऊपर सक्रिय है, लेकिन दिल्ली में 17-18 मार्च तक ज्यादा प्री-मानसून गतिविधियां देखने को नहीं मिलेंगी. इसके बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ सकता है. इसके प्रभाव से राजस्थान के ऊपर एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है, जो धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ेगा.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 19 से 21 मार्च के बीच दिल्ली और आसपास के इलाकों में एक ट्रफ रेखा बनने की संभावना है. इसके प्रभाव से 19 और 20 मार्च को दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. 21 मार्च को भी इसका हल्का असर बना रह सकता है, हालांकि उस दिन मौसम जल्दी साफ होने की उम्मीद है. 22 मार्च से मौसम में सुधार देखने को मिल सकता है, लेकिन अगले सप्ताह भी कुछ स्थानों पर हल्की मौसम गतिविधियां जारी रह सकती हैं.

बिहार समेत 10 राज्यों में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए हुए चुनाव में कई दिलचस्प नतीजे सामने आए. बिहार, ओडिशा और हरियाणा को छोड़कर अन्य सात राज्यों में 26 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए. वहीं, बिहार की सभी पांच सीटें एनडीए ने जीतीं, जबकि ओडिशा में बीजद और कांग्रेस विधायकों की क्रॉस-वोटिंग के कारण भाजपा को दो सीटें मिलीं. हरियाणा में मतपत्र की गोपनीयता को लेकर विवाद के कारण मतगणना करीब 5 घंटे तक रुकी रही.

दिल्ली में एलपीजी सिलेंडर की कमी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है, खासकर झुग्गी बस्तियों में रहने वाले परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं. गोविंदपुरी के नवजीवन कैंप में कई घरों में खाना बनना बंद हो गया है. पहले 900 रुपये का सिलेंडर अब ब्लैक मार्केट में 4,000 रुपये तक बिक रहा है, जबकि खुले में बिकने वाली गैस 400 रुपये प्रति किलो मिल रही है. कई लोग लकड़ी से खाना बना रहे हैं और गैस एजेंसियों की ओर से मदद नहीं मिलने की शिकायत कर रहे हैं.

आज सबसे पहले हम आपको वो तस्वीर दिखाएंगे. जो मुंद्रा पोर्ट से आई है. यहां स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में गरजती मिसाइल और बरसते ड्रोन्स के बीच से चलकर LPG गैस से भरा शिवालिक जहाज भारत आ गया है. इसमें इतनी गैस है जिससे 32 लाख 40 हजार LPG गैस सिलिंडर भरे जा सकते हैं. लगभग इतनी ही गैस लेकर एक और जहाज. नंदा देवी कल सुबह भारत पहुंच जाएगा. इसके बाद आपको इजरायल-अमेरिका और ईरान के युद्ध के 17वें दिन का हर अपडेट बताएंगे. जंग में पहली बार ईरान ने सेजिल मिसाइल दागी. ये मिसाइल बेहद खतरनाक है, इसके जरिए ईरान अपने देश के किसी भी हिस्से से पूरे इजरायल को निशाना बना सकता है. इस सबके बीच UAE में तेल डिपो में आग लगने के साथ ही दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी हमला हुआ.

दिल्ली एम्स ने 31 वर्षीय हरीश राणा के लिए पैसिव यूथेनेशिया प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस के लिए हरीश को शनिवार को गाजियाबाद स्थित आवास से एम्स के डॉ. बीआर अंबेडकर संस्थान रोटरी कैंसर अस्पताल की पैलिएटिव केयर यूनिट में शिफ्ट किया गया है, जहां धीरे-धीरे हरीश के लाफ सपोर्ट सिस्टम को वापस लिया जाएगा, ताकि शरीर स्वाभाविक रूप से शांत हो जाए.

महायुद्ध सत्रह दिन से जारी है. मैं श्वेता सिंह इस वक्त इजरायल की राजधानी तेल अवीव में हूं. जहां आज भी ईरान की तरफ से मिसाइल से हमला किया जाता रहा. पश्चिम एशिया में युद्ध कब तक चलेगा इस सवाल पर इजरायल ने बड़ी बात कही है. दावा किया कि उसने कम से कम 3 हफ्ते तक युद्ध जारी रखने की योजना बनाई है. अमेरिका और इज़राइल के बीच ईरान पर युद्ध तीसरे हफ्ते में प्रवेश कर गया है, जिससे तेल की कीमतों पर असर पड़ रहा है. पिछले 15 दिनों में ईरान पर भारी बमबारी हुई है. लेकिन उसने हथियार नहीं डाले हैं, इसके बाद इजरायल कह रहा है कि उसकी योजना अगले 3 हफ्तों तक युद्द जारी रखने की है.

चंद्रपुर में एक बाघ के सड़क पार करने के दौरान लोगों की लापरवाही सामने आई. राहगीरों ने अपनी गाड़ियां रोककर बाघ को घेर लिया और उसके बेहद करीब जाकर सेल्फी और वीडियो बनाने लगे. यह घटना दुर्गापुर-मोहुर्ली रोड की है, जो ताडोबा टाइगर रिजर्व के पास है. वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग कार्रवाई की तैयारी कर रहा है.







