
दिल्ली: मोती नगर इलाके में 16 साल के बच्चे की चाकू मारकर हत्या, क्लास-9 का था छात्र
ABP News
Delhi News: दिल्ली के मोती नगर डीएलएफ पार्क में चाकूबाजी में 16 वर्षीय नाबालिग जावेद की मौत हो गई, जबकि 25 वर्षीय दानिश घायल है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मोती नगर थाना क्षेत्र के डीएलएफ पार्क में रविवार शाम लगभग 5:30 से 6 बजे के बीच चाकूबाजी की घटना हुई. जिसमें एक नाबालिग छात्र की मौत हो गई और एक युवक घायल हो गया. घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
मृतक की पहचान जावेद के रूप में हुई है. जावेद 16 वर्षीय था और 9वीं कक्षा का छात्र था. वह जखीरा अमर पार्क का रहने वाला था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
घायल व्यक्ति का नाम दानिश बताया गया है. उसकी उम्र 25 साल है. घायल को गंभीर स्थिति में एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. सूत्रों के अनुसार, दोनों के शरीर की पीठ पर चाकू के घाव मिले हैं. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मोती नगर थाना क्षेत्र में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटना की पृष्ठभूमि, दोनों पक्षों के रिश्ते और किसी भी संभावित कारण की तलाश कर रही है.
इस मामले पर मृतक के परिजनों ने बताया कि जावेद पढ़ाई में अच्छा था और इस तरह की हिंसा में फंसने का कोई कारण नहीं था. वहीं, डीसीपी वेस्ट जिला शरद भास्कर दराडे ने कहा कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और दोषियों को जल्द ही कानून के तहत सख्त सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी.













