
टोंक: पहले नाम पूछा फिर भड़के पूर्व बीजेपी सांसद सुखबीर जौनपुरिया, मुस्लिम महिलाओं से कंबल वापस लिया
ABP News
Sukhbir Singh Jaunapuria Controversy: पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने पूरे मामले को लेकर कहा कि यह उनका निजी कार्यक्रम था, कोई सरकारी योजना का हिस्सा नहीं था.
राजस्थान के टोंक जिले में कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान विवाद खड़ा हो गया. मामला निवाई क्षेत्र के करेड़ा बुजुर्ग गांव का है, जहां रविवार (22 फरवरी) को पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया द्वारा कंबल बांटे जा रहे थे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं, जिनमें मुस्लिम समुदाय की महिलाएं भी शामिल थीं. आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ महिलाओं से धर्म के आधार पर भेदभाव किया गया और उन्हें दिए गए कंबल वापस ले लिए गए.
कंबल वितरण के दौरान पूर्व सांसद ने एक महिला से उसका नाम पूछा. महिला ने अपना नाम सकुरान खान बताया. इसके बाद माहौल अचानक बदल गया. आरोप है कि पूर्व बीजेपी सांसद मुस्लिम महिला का नाम सुनते ही भड़क गए और कहा कि जो लोग प्रधानमंत्री को गाली देते हैं, उन्हें कंबल लेने का हक नहीं है. उन्होंने महिला से कंबल वहीं छोड़ने को कहा और एक तरफ हटने के लिए कहा.
बताया जा रहा है कि इसके बाद अन्य मुस्लिम महिलाओं को भी दिए गए कंबल वापस लेने की बात कही गई. इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन पूर्व सांसद ने इसे अपना निजी कार्यक्रम बताते हुए किसी तरह की बहस से इनकार कर दिया.
गांव की बुजुर्ग महिला सकुरान, रजिया और जुबैदा जमी ने आरोप लगाया कि पहले उन्हें सम्मान के साथ कंबल दे दिया गया था, लेकिन जब उनकी पहचान मुस्लिम के रूप में हुई तो उनसे कंबल वापस ले लिए गए. महिलाओं का कहना है कि उन्हें काफी अपमानित महसूस हुआ.













