
जयपुर में जाम से मुक्ति के लिए कड़ा कदम उठाने जा रही ट्रैफिक पुलिस, नियम नहीं माने तो होगा ये एक्शन
ABP News
Jaipur News: जयपुर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी. 26 फरवरी से नई व्यवस्था लागू होगी, जिसमें नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर डबल जुर्माना लगेगा.
राजस्थान की राजधानी जयपुर में इन दिनों बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था से आमजन का जीना दुश्वार हो चुका है. वर्किंग आवर्स के दौरान सड़कों पर लंबे-लंबे जाम लग जाते हैं, जिससे आम लोगों के साथ-साथ एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इस समस्या से निपटने के लिए राजधानी जयपुर की ट्रैफिक पुलिस ने अब यातायात नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के मूड में है. जयपुर की ट्रैफिक पुलिस जाम से निपटने के लिए जयपुर की ट्रैफिक पुलिस एक नई व्यवस्था लागू करने वाली है.
जयपुर डीसीपी ट्रैफिक सुमित मेहरड़ा ने बताया कि नई व्यवस्था 26 फरवरी से लागू होगी. इससे पहले सात दिन का समझाइश अभियान चलाया जा रहा है ताकि लोग नियमों को समझ सकें और अनावश्यक कार्रवाई से बच सकें. लोगों को अगाह किया जा सके.
नई व्यवस्था के तहत नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करना अब पहले से कहीं ज्यादा महंगा पड़ेगा. व्हील लॉक हटवाने के लिए अलग से 100 से 200 रुपये चुकाने होंगे और ऊपर से चालान भी अलग कटेगा. गौरतलब है कि शहर में रोजाना औसतन 580 से 590 नो-पार्किंग चालान होते हैं, जबकि प्रतिदिन 140 से 150 वाहन नो-पार्किंग से उठाए जाते हैं. नई व्यवस्था लागू होने के बाद मौके पर ही सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश पर शहर में मार्ग चिह्नित कर 80 टीमें गठित की गई हैं. यह टीमें नो-पार्किंग में खड़े वाहन के फ्रंट व्हील को लॉक करेंगी और फ्रंट ग्लास पर संपर्क नंबर वाला स्टीकर लगाएंगी. चालान कटने पर वाहन मालिक शीशे पर लगे नंबर पर संपर्क कर सकता है. इस पूरी कवायद का मकसद शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करना और आमजन को जाम से राहत दिलाना है.













