
जब पत्नी राधा को राजपाल यादव ने बताया था अपनी बैकबोन, कनाडा में हुआ था प्यार, ऐसी है लव स्टोरी
AajTak
2000 में राधा से राजपाल यादव मिले थे. इस बारे में उन्होंने इंटरव्यू में बताया था, 'जब 2000 में जंगल रिलीज हुई और मैं सेटल होने लगा, तब राधा से मिला. मैं द हीरो की शूटिंग के लिए कनाडा गया था.' उन्होंने पत्नी को अपनी रीढ़ की हड्डी बताते हुए अपनी लव स्टोरी शेयर की थी.
बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव, दिल्ली के तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं. वो अपने सालों से चल रहे चेक बाउंस केस में सरेंडर करने के बाद से जेल में बंद हैं. इस मामले में उनकी पत्नी राधा यादव का नाम भी शामिल रहा है. हाल ही में एक एजेंसी से बात करते हुए राधा यादव ने बॉलीवुड के सितारों का पति की मदद के लिए शुक्रिया अदा किया था. उन्होंने कहा था, 'सबने उनका साथ दिया है. इंडस्ट्री ने सपोर्ट किया है, जो भी मदद के लिए आगे आ रहे हैं, उन सभी को बहुत-बहुत धन्यवाद.'
राजपाल यादव ने कभी अपनी पत्नी राधा यादव की उनकी जिंदगी में भूमिका के बारे में बात की थी. एक्टर ने उन्हें अपना सहारा बताया था. उसी इंटरव्यू में उन्होंने अपनी पहली शादी और पहली पत्नी के निधन के बारे में भी खुलकर बात की थी. लल्लनटॉप से बातचीत में राजपाल ने याद किया था कि उनकी पहली शादी ऑर्डनेंस क्लोदिंग फैक्ट्री में अप्रेंटिस की नौकरी मिलने के तुरंत बाद हो गई थी. उन्होंने कहा था, 'जब मुझे ऑर्डनेंस क्लोदिंग फैक्ट्री में अप्रेंटिस के रूप में सिलेक्ट किया गया, तो गांव में यह बड़ी बात हो गई कि इतना छोटा लड़का वहां भर्ती हो गया है. उस जमाने में लड़के को नौकरी मिलते ही शादी करा दी जाती थी. आज 25-26 साल में शादी की बात होती है, लेकिन तब 20 साल में लड़कों की शादी हो जाती थी. मेरे पिताजी ने मेरी शादी तय की. एक साल बाद हमारी बेटी हुई, और 15 मिनट के अंदर ही मेरी पत्नी चल बसीं. मुझे समझ नहीं आया कि क्या हो गया. कल तो मिली थीं और आज कंधे पर ले जा रहा हूं. परिवार के कारण मुझे कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि मेरी बेटी की मां नहीं है. हम जॉइंट फैमिली हैं, मेरी मां और भाभी ने उसे बहुत प्यार से पाला.'
कनाडा में दूसरी पत्नी राधा से कैसे मिले?
2000 में राधा से राजपाल यादव मिले थे. इस बारे में उन्होंने इंटरव्यू में बताया था, 'जब 2000 में जंगल रिलीज हुई और मैं सेटल होने लगा, तब राधा से मिला. मैं द हीरो की शूटिंग के लिए कनाडा गया था. हम तीन साल तक संपर्क में रहे, और 2003 में दोनों परिवारों की सहमति से हमारी शादी हुई, क्योंकि हम दोनों मानते थे कि शादी दो परंपराओं का मिलन है.' राजपाल ने कहा कि रिलेशनशिप सीरियस होने से पहले उन्होंने राधा को अपनी जिंदगी के बारे में सब कुछ बता दिया था. वो बोले थे, 'जब हम शादी के लिए सीरियस हुए, तो मैंने राधा को अपनी पूरी जिंदगी के बारे में खुलकर बताया.'
उन्होंने बताया कि राधा ने उनके परिवार और गांव की जिंदगी में कितनी आसानी से एडजस्ट किया. एक्टर ने कहा था, 'जब मेरी पत्नी पहली बार गांव आईं, तो मैंने कभी उन्हें साड़ी पहनने को नहीं कहा. जैसे मैं अपनी मां से बात करता हूं, वैसे ही वो करती हैं. उन्होंने गांव की भाषा सीख ली. एक दिन मैं घर लौटा तो देखा कि वो सिर ढककर बैठी हैं, क्योंकि वहां का रिवाज है. होली-दिवाली पर गांव जाती हैं और कोई कह नहीं सकता कि वो पांच भाषाएं जानती हैं. इन एडजस्टमेंट्स में मेरा कोई रोल नहीं था.'
अपनी जिंदगी में राधा की भूमिका पर बोलते हुए राजपाल ने कहा, 'गुरुओं और माता-पिता के बाद अगर किसी ने मेरे लिए रीढ़ की हड्डी की तरह खड़ा रहकर साथ दिया है, तो वो मेरी पत्नी हैं.' उन्होंने अपनी पहली शादी से हुई बेटी को पालने का श्रेय भी राधा यादव को ही दिया था. एक्टर ने कहा था, 'मैं अपनी बेटी को लेकर मुंबई आया, और आज भी नहीं पता कि राधा ने उसे कैसे अपनी बेटी की तरह पाला. आज वो लखनऊ में रहती है, शादीशुदा है और खुश है. यह मेरे परिवार और मेरी पत्नी की वजह से हुआ. मैं अकेले नहीं कर पाता.'













