
छोटे की मौत की खबर पर घर से निकले बड़े भाई, एक्सीडेंट में उनकी भी चली गई जान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
AajTak
UP News: देवरिया जिले में रहने वाले छोटे भाई की सड़क हादसे में जान चली गई. जब यह खबर कानपुर में बड़े भाई को मिली तो वह तुरंत कार से देवरिया के लिए निकले, लेकिन उन्नाव के पास कार का पहिया ब्लास्ट होने से उनकी भी मौत हो गई. कुछ ही घंटों में हुईं दो मौतों से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
UP News: देवरिया जिले में कुछ घंटों के भीतर ही दो सगे भाइयों की अलग-अलग सड़क हादसों में मौत से गांव में कोहराम मच गया है. छोटा भाई मोटरसाइकिल पर निमंत्रण से घर लौट रहा था कि बिहार के जीरादेई में सड़क हादसा हो गया और जान चली गयी. जब यह खबर कानपुर में बड़े भाई को मिली तो वह तुंरंत कार से देवरिया के लिए निकला, लेकिन उन्नाव के पास कार का पहिया ब्लास्ट होने से कार अनियंत्रित हो गई और बड़े भाई की भी मौत हो गई. इस तरह दोनों भाइयों की चंद घंटों के अंतराल में हुई मौत से परिवार सदमे में तो हैं ही, इलाके के लोग भी इस दर्दनाक घटना से हतप्रभ हैं.
दरअसल, थाना भाटपाररानी के छतरपुर गांव के रहने वाले दिवंगत भगीरथी गौड़ के पांच बेटे हैं. जिनके नाम रमाशंकर गौड़, उमाशंकर गौड़, गौरी गौड़, सीताराम गौड़ और दिलीप गौड़ हैं.
मंगलवार को दिलीप गौड़ (उम्र 45) गांव के ही अपने साथी रामकेवल शर्मा के साथ मोटरसाइकिल से बिहार राज्य के जीरादेई निमंत्रण में गए थे. देर शाम दोनों वापस लौट रहे थे कि विजयीपुर चौराहे के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को मैरवा के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां दिलीप को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके दोस्त रामकेवल शर्मा को बीआरडी गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया, जहां वह अभी भी जिंदगी की जंग लड़ रहा है.
दिलीप की मौत की खबर जब घरवालों को हुई तो पूरा परिवार शोक में डूब गया. घरवालों ने इस दुःखद घटना की सूचना कानपुर में रह रहे दूसरे नंबर के भाई उमाशंकर गौड़ (उम्र 65) को दी, तो वह उसी रात परिवार समेत अपनी कार से घर के लिए निकल पड़े. लेकिन ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था. उमाशंकर उन्नाव के पास ही पंहुचे थे कि कार का पहिया ब्लास्ट कर गया और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में चली गई.
इस हादसे में उमाशंकर की भी मौत हो गई. जबकि उनकी घायल पत्नी कानपुर के अस्पताल में भर्ती हैं. हादसे में ड्राइवर को भी चोट आई है. उमाशंकर का कानपुर में ही पोस्टमार्टम हुआ और परिजनों ने वहीं अंतिम संस्कार कर दिया. जबकि छोटे भाई दिलीप का बुधवार की रात देवरिया के जिरासो घाट पर अंतिम संस्कार हुआ.
छतरपुर के पूर्व ग्राम प्रधान राजेश कुमार सिंह ने बताया, भाइयों में उमाशंकर गौड़ दूसरे नंबर के थे और कानपुर की गन फैक्ट्री में पहले नौकरी करते थे. रिटायर होकर कानपुर में ही परिवार समेत रहते थे. जबकि दिलीप गौड़ भाइयों में सबसे छोटे थे और देवरिया ही गांव पर रहकर हलवाई का काम करते थे. इनकी बेटी की अगले वर्ष शादी तय थी. दो भाइयों की असामयिक मौत परिवार पर तो दुखों का पहाड़ टूटा ही है. गांव के लोग भी सदमे में डूब गए हैं.

मुंबई में अब तक 85 लोगों ने गंभीर बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में पैसिव यूथेनेशिया के लिए अपनी सहमति जताई है. शिवसेना (यूबीटी) के बीएमसी समूह नेता अमेय घोले ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के 24 जनवरी 2023 के निर्देशों के अनुसार स्थानीय निकायों के लिए ‘एडवांस मेडिकल डायरेक्टिव’ (AMD) या ‘लिविंग विल’ को स्वीकार करना, सुरक्षित रखना और प्रबंधित करना अनिवार्य है. लिविंग विल एक लिखित दस्तावेज होता है, जिसमें व्यक्ति पहले से यह तय करता है कि भविष्य में गंभीर स्थिति में वह किस तरह का इलाज लेना या न लेना चाहता है. इस पहल से लोगों में अपने चिकित्सा अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ रही है.

वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान संघर्ष के असर ने कश्मीर के वसंत पर्यटन पर भी असर डालना शुरू कर दिया है. श्रीनगर के बादामवारी और ट्यूलिप गार्डन में फूल पूरी तरह खिले हुए हैं, लेकिन पर्यटकों की संख्या उम्मीद से कम नजर आ रही है. भू-राजनीतिक अस्थिरता और ऊर्जा संकट की आशंका के चलते कई पर्यटक अपनी यात्रा टाल रहे हैं, जिससे पर्यटन कारोबार को झटका लगा है. इससे कश्मीर में पर्यटन से जुड़े व्यवसाय को नुकसान पहुंचा है.

मणिपुर में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन... उखरूल में 6 अवैध बंकर ध्वस्त, हिंसा रोकने के लिए बड़ी तैनाती
मणिपुर के उखरूल जिले में सुरक्षाबलों ने 6 अवैध बंकर ध्वस्त कर दिए हैं. लितान इलाके में कुकी और नागा समुदायों के बीच बढ़ते तनाव के बीच यह बड़ा एक्शन लिया गया है. क्या है पूरा मामला? जानने के लिए पढ़ें ये पूरी कहानी.










