
गणित के पेपर का QR कोड स्कैन करते ही बज उठा मशहूर गाना, CBSE परीक्षा में सामने आया हैरान करने वाला मामला
ABP News
सीबीएसई की 9 मार्च को हुई गणित की परीक्षा के प्रश्नपत्र में दिए गए QR कोड को स्कैन करने पर कुछ छात्रों को पढ़ाई की जानकारी के बजाय गाना सुनाई देने लगा.
बोर्ड परीक्षा का नाम सुनते ही छात्रों के मन में तनाव और तैयारी की चिंता आ जाती है. लेकिन इस बार सीबीएसई की गणित की परीक्षा से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को चौंका भी दिया और हंसी का मौका भी दे दिया. परीक्षा के प्रश्नपत्र में छपे एक QR कोड को स्कैन करने पर पढ़ाई से जुड़ी जानकारी मिलने के बजाय अचानक एक मशहूर अंग्रेजी गाना बजने लगा.
यह अजीब घटना 9 मार्च को आयोजित हुई सीबीएसई की गणित की परीक्षा के बाद सामने आई. कुछ छात्रों ने दावा किया कि प्रश्नपत्र में दिए गए QR कोड को जब उन्होंने मोबाइल से स्कैन किया तो वह सीधे एक पुराने लेकिन बेहद लोकप्रिय गाने पर पहुंच गए. इस गाने का नाम है “Never Gonna Give You Up”, जिसे ब्रिटेन के गायक रिक एस्टली ने गाया है.
परीक्षा के बाद सामने आया मामला
बताया जा रहा है कि परीक्षा खत्म होने के बाद कुछ छात्रों ने सवालों से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी देखने के लिए प्रश्नपत्र में दिए QR कोड को स्कैन किया. आमतौर पर ऐसे कोड छात्रों को किसी वेबसाइट या पढ़ाई से जुड़े कंटेंट तक ले जाते हैं, जहां उन्हें सवालों के बारे में और जानकारी मिल सकती है.













