
कितना अमीर था दुनिया का ड्रग लॉर्ड एल मेंचो? नशे का साम्राज्य, खूबसूरत पत्नी और 3 बच्चे, कौन बनेगा हकदार?
ABP News
EL Mencho Death: मेक्सिको आर्मी ने दुनिया के कुख्यात ड्रग तस्कर एल मेंचो को मार दिया. इसके बाद से एल मेंचो की दौलत पर सबकी नजर टिकी हुई हैं. साथ उनकी बीवी और 3 बच्चों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.
मेक्सिको के सबसे खतरनाक ड्रग लॉर्ड नेमेसियो रुबेन ओसेगुएरा सर्वेंटेस उर्फ 'एल मेंचो' की मौत के बाद अब उनकी संपत्ति और परिवार पर सबकी नजर है. जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) के सरगना एल मेंचो को रविवार को मेक्सिकन सेना के ऑपरेशन में मार गिराया. उनकी मौत के बाद देश में हिंसा फैल गई, लेकिन अब सवाल उठ रहे हैं कि इतने सालों तक ड्रग्स की तस्करी से उन्होंने कितनी दौलत कमाई और उनका परिवार अब कहां है?
कितना अमीर था एल मेंचो?
एल मेंचो की सटीक संपत्ति का पता नहीं चल सका, क्योंकि यह सब अवैध तरीके से कमाई गई थी. लेकिन अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एजेंसी (DEA) ने 2019 में अनुमान लगाया था कि उनकी दौलत कम से कम 500 मिलियन डॉलर यानी लगभग 4,200 करोड़ रुपये से ज्यादा हो सकती है और यह 1 बिलियन डॉलर (लगभग 8,400 करोड़ रुपये) से भी पार हो सकती है. DEA एजेंट काइल मोरी ने कहा था, ‘मैं कहूंगा कि उनके पास कम से कम 500 मिलियन डॉलर हैं और यह 1 बिलियन डॉलर से भी ज्यादा हो सकता है.’
CJNG का कुल कारोबार और एसेट्स तो कई दसियों बिलियन डॉलर में बंटा हुआ हैं. मेक्सिकन सरकार के अनुसार, कार्टेल के कुल एसेट्स 50 अरब डॉलर के आसपास हैं, जो रियल एस्टेट, बिजनेस और मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए छिपाए गए थे. एल मेंचो की मौत के बाद यह सारी संपत्ति अब जब्त करने या परिवार के बीच बंटने की संभावना है, लेकिन कार्टेल की जटिल संरचना के कारण यह आसान नहीं होगा.













