
कानपुर में फिर लग्जरी कार का कहर, कारोबारी के बेटे ने लैम्बोर्गिनी से 3 लोगों को मारी टक्कर, हंगामा
ABP News
Kanpur News: कानपुर में एक बड़े कारोबारी के बेटे ने लैम्बोर्गिनी कार से लोगों को टक्कर मार दी. इस हादसे में तीन लोगों को चोटें आईं हैं. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में तंबाकू व्यापारी के बेटे की लैम्बोर्गिनी कार का कहर देखने को मिला. जहां काले रंग की इस कार ने एक साथ तीन लोगों को जोरदार टक्कर मारते हुए एक खंबे से जा टकराई. इस हादसे में तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं. इस हादसे के बाद एक युवक मौके से फ़रार हो गया ये कौन था, इसकी पहचान नहीं हो पाई हैं. पुलिस मामले की जाँच में जुट गई है.
ये घटना शहर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर की बताई जा रही है. जहां एक काली रंग की लैम्बोर्गिनी कार ने एक साथ तीन लोगों को जोरदार टक्कर मारकर घायल कर दिया. आरोप है कि कार में मौजूद बाउंसर्स ने कार चलाने वाले युवक को वहां से भगा दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया.
घटना की सूचना मिलते ही ग्वालटोली थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए. फिलहाल कार में मौजूद एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. साथ ही कार थाने लाई गई है. कार से टक्कर में सोनू त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी व तौसीफ को चोटें आईं हैं. सोनू त्रिपाठी की ओर से इस मामले में तहरीर दी गई है.
इस हादसे में घायल सोनू त्रिपाठी ने बताया, कार से टक्कर मारने के बाद जो बाऊंसर्स थे उन्होंने मारपीट की और धमकी भी दी. बताया कि अपने भाई विशाल त्रिपाठी के साथ बुलेट से ग्वालटोली बाजार में सामान लेने पहुंचा था, तभी लैम्बोर्गिनी कार ने पीछे से आकर तेज टक्कर मार दी. टक्कर से तौसीफ नाम के युवक को भी चोटें आईं हैं.













