
कांग्रेस के 'Ecosystem' को अब उसी की भाषा में जवाब मिलेगा, लोकसभा में PM मोदी ने चेताया
AajTak
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला किया. पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि देश की प्रगति को रोकने के लिए कांग्रेस ने एक इकोसिस्टम बना लिया था, जिसे अब उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को लोकसभा में भाषण दिया. वो राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दे रहे थे. भाषण के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर तंज कसा. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया. इसके साथ ही पीएम मोदी ने देश की प्रगति को रोकने का आरोप भी कांग्रेस पर लगाया.
पीएम मोदी ने कहा, 'जैसे-जैसे भारत आगे बढ़ रहा है, स्वाभाविक है प्रतिस्पर्धा भी बढ़ रही है और चुनौतियां भी बढ़ रही हैं. जिन्हें भारत की प्रगति से दिक्कत है, जो भारत की प्रगति को चुनौती के रूप में देखते हैं, वो गलत हथकंडे भी अपना रहे हैं. ये ताकतें भारत की डेमोक्रेसी, डेमोग्राफी और डायवर्सिटी पर हमला कर रही हैं. और ये चिंता सिर्फ मेरी नहीं है, ये चिंता सिर्फ सरकार की नहीं है, देश की जनता और माननीय सुप्रीम कोर्ट तक सबकोई इन बातों से चिंतित है. सुप्रीम कोर्ट ने जो कहा है वो कोट मैं सदन के सामने रखना चाहता हूं.'
उन्होंने कहा कि 'सुप्रीम कोर्ट ने अपने जजमेंट में बड़ी गंभीरतापूर्वक से कहा है और मैं कोट करता हूं कि ऐसा लगता है कि महान देश की प्रगति पर संदेह प्रकट करने, उसे कम करने और हर संभव मोर्चे पर उसे कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है. सुप्रीम कोर्ट आगे कह रही है कि इस तरह के किसी भी प्रयत्न को आरंभ में ही रोक दिया जाना चाहिए. देश की सुप्रीम कोर्ट का ये कोट है. सुप्रीम कोर्ट ने जो भावना व्यक्त की है, इस पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है. भारत में भी कुछ लोग हैं, जो ऐसी ताकतों की मदद कर रहे हैं, देशवासियों को ऐसी ताकतों से सतर्क रहने की जरूरत है.'
'इकोसिस्टम को उसी भाषा में जवाब मिलेगा'
उन्होंने कहा, '2014 में सरकार में आने के बाद देश के सामने एक बहुत बड़ी चुनौती कांग्रेस के साथ ही कांग्रेस का इकोसिस्टम भी रहा है. कांग्रेस की मदद से ये इकोसिस्टम 70 साल तक फला-फूला है. मैं आज इस इकोसिस्टम को चेतावनी देता हूं, मैं इस इकोसिस्टम को चेताना चाहता हूं कि इस इकोसिस्टम की जो हरकतें हैं, जिस तरह इकोसिस्टम ने ठान लिया है कि देश की विकास यात्रा को रोक देंगे, देश की प्रगति को डिरेल कर देंगे, मैं आज इकोसिस्टम को बता देना चाहता हूं कि उसकी हर साजिश का जवाब अब उसी की भाषा में मिलेगा. ये देश देशविरोधी साजिशों को कभी भी स्वीकार नहीं करेगा.'
उन्होंने कहा कि 'ये ऐसा कालखंड है जब दुनिया भारत की प्रगति को बहुत गंभीरता से ले रही है. अब चुनाव हो चुके हैं. 140 करोड़ देशवासियों ने पांच साल के लिए अपना निर्णय, जनादेश दे दिया है. आवश्यक है कि विकसित भारत के निर्माण के लिए इस संकल्प को सिद्धि में बदलने के लिए, इस सदन के सभी माननीय सदस्यों का योगदान होना चाहिए. मैं उन सबको निमंत्रित करता हूं कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए आप भी जिम्मेवारी के साथ आगे आइए. देशहित के विषय पर हम साथ चलें, मिलकर चलें और देशवासियों की आशा-आकांक्षाओं को पूरा करें.'

MP विधानसभा के बजट सत्र में गुरुवार को उस समय मर्यादाएं तार-तार हो गईं, जब कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बीच तीखी बहस ने अपमानजनक मोड़ ले लिया. सदन में इस्तेमाल किए गए असंसदीय शब्दों के कारण न केवल कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी, बल्कि मुख्यमंत्री को भी मोर्चा संभालना पड़ा.

केरल स्टोरी 2 फिल्म को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. मुस्लिम पक्ष इस फिल्म को राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी सरकार का प्रोपेगेंडा बता रहा है. दूसरी ओर, फिल्म मेकर और सरकार के समर्थक कह रहे हैं कि जो भी घटनाएं हुई हैं, उन्हीं पर इस फिल्म की कहानी आधारित है. इसी बीच कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी इस फिल्म पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.











