
ओशो की राह पर चले गए पिता विनोद खन्ना, देखकर हैरान थे अक्षय, हुआ गहरा असर
AajTak
एक्टर अक्षय खन्ना ने अपने पिता विनोद खन्ना के ओशो के सान्निध्य में संन्यास लेने और अमेरिका के राजनेशपुरम जाने के फैसले पर एक पुराने इंटरव्यू खुलकर बात की थी. उन्होंने बताया था कि यह फैसला उनके पिता के लिए जीवन बदल देने वाला था, जिसे समझना उनके लिए बचपन में मुश्किल था.
एक्टर अक्षय खन्ना अपनी फिल्म 'धुरंधर' से हर तरफ छा गए हैं. फिल्म में अक्षय की परफॉरमेंस ने सभी का दिल खुश कर दिया है. इसी के साथ एक्टर ने सुर्खियों में जगह बना ली हैं. अक्षय खन्ना पर्दे पर कितने भी दमदार दिखते हों, इंटरव्यू में बहुत कम बोलते हैं. इन दिनों इंडस्ट्री के सबसे टैलेंटेड स्टार किड्स में गिने जा रहे अक्षय का बचपन काफी मुश्किल रहा है. कई साल पहले उन्होंने एक इंटरव्यू में अपने बचपन और पिता विनोद खन्ना के बारे में खुलकर बात की थी.
पिता को लेकर क्या बोले थे अक्षय?
अक्षय के पिता विनोद खन्ना बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर हुआ करते थे. उन्होंने अपने करियर के पीक पर होते हुए ओशो के सान्निध्य में चले जाने का फैसला किया था. वो अमेरिका में स्थित राजनेशपुरम में रहने चले गए थे और संन्यासी बन गए थे. विनोद ने अपनी पत्नी और दो छोटे बेटों- अक्षय राहुल खन्ना को भारत में ही छोड़ दिया था. जब अक्षय से पूछा गया कि पिता के संन्यास लेने और परिवार छोड़कर अमेरिका जाने के फैसले पर उस वक्त उनकी क्या भावनाएं थीं, तो उन्होंने कहा था, 'सिर्फ परिवार ही नहीं छोड़ा, संन्यास लिया. संन्यास का मतलब होता है जीवन को पूरी तरह त्याग देना. परिवार तो उसका सिर्फ एक हिस्सा है. ये एक जिंदगी बदल देने वाला फैसला था, जो उस वक्त उन्हें लगा कि लेना चाहिए. पांच साल के बच्चे के लिए इसे समझना नामुमकिन था. अब मैं समझ सकता हूं.'
अक्षय खन्ना ने आगे कहा था, 'कुछ तो इतना गहरा और प्रोफाउंड उनके अंदर हुआ होगा कि उन्हें लगा ये फैसला लेना ठीक है. खासकर जब जिंदगी में सब कुछ था. ऐसा फैसला लेने के लिए अंदर कोई बहुत बड़ा भूचाल-सा टूटना पड़ता है. और फिर उस फैसले पर डटे भी रहना. कोई फैसला ले लें और फिर कहे कि ये सूट नहीं कर रहा, वापस चलते हैं, ऐसा नहीं हुआ. अमेरिका में ओशो और कम्यून के साथ जो परिस्थितियां बनीं, अमेरिकी सरकार से टकराव, उसी वजह से वो वापस आए. जब कम्यून टूट गया, बिखर गया, सबको अपना-अपना रास्ता देखना पड़ा, तभी वो लौटे.'
ओशो को मानते हैं अक्षय खन्ना?
जब अक्षय से पूछा गया कि क्या पिता विनोद खन्ना, ओशो के प्रति विश्वास खो देने की वजह से लौटे थे? तो उन्होंने कहा था, 'जितनी भी यादें हैं पापा के उस दौर के बारे में बात करने की, मुझे नहीं लगता कि विश्वास खोना वजह था. सिर्फ कम्यून खत्म हो गया था, सब बिखर गए थे, तभी वो लौटे. वरना शायद कभी लौटते ही नहीं.'

BTS The Comeback Live, 4 साल बाद धमाल मचाने को तैयार BTS, जानें भारत में कब-कहां देखें लाइव कॉन्सर्ट
साउथ कोरिया का वर्ल्ड फेमस बैंड BTS चार साल के लंबे ब्रेक के बाद अब एक धमाकेदार कमबैक के लिए एक दम तैयार है. आज यानी 21 मार्च को BTS आर्मी का भव्य कॉन्सर्ट होगा. जानिए कहां इसे लाइव देखा जा सकेगा.












