
माथे पर चंदन-गले में तुलसी माला, एक्टर के पास नहीं काम, पैसों के लिए किया भक्ति का नाटक?
AajTak
पारस छाबड़ा को फैंस ने बिग बॉस 13 में देखा था. अपने चुलबुले और फ्लर्टी नेचर की वजह से वो लोगों के बीच फेमस हुए. लेकिन आज वो पूरी तरह बदल गए हैं. पारस ने शोबाजी से दूर आध्यात्म को चुन लिया है. इससे उनकी जिंदगी में बड़े बदलाव आए हैं.
पारस छाबड़ा, टीवी इंडस्ट्री का एक ऐसा नाम जो एक वक्त अपनी आशिकी के लिए जाना जाता था. स्प्लिट्सविला शो ने उन्हें कैसेनोवा को इमेज दी. इसके बाद बिग बॉस 13 में उनका बिगड़ैल अंदाज दिखा. कभी माहिरा शर्मा तो कभी आकांक्षा पुरी संग लिंकअप रूमर्स को लेकर पारस चर्चा में रहे. लेकिन टीवी इंडस्ट्री का ये शरारती मुंडा अब बदल गया है. पारस धर्म और आध्यात्म की राह पर निकल पड़े हैं.
पारस हुए आध्यात्मिक पारस काफी वक्त से एक्टिंग से दूरी बनाए हुए हैं. लेकिन यूट्यूब पर उन्होंने धमाल मचा रखा है. वो एक्टर से यूट्यूबर बन गए हैं. अपने चैनल पर आबड़ा का डाबड़ा शो चलाते हैं. जहां बड़े-बड़े धर्म गुरु, कथावाचक, ज्योतिष के अलावा टीवी के सितारे गेस्ट बने हैं. वे प्रेमानंद महाराज और राधा-कृष्ण के भक्त हैं. उनके सेलेब्रिटी से ज्यादा धार्मिक पॉडकास्ट वायरल होते हैं. फैंस पारस के इस ट्रांसफॉर्मेशन पर हैरानी जताते हैं. पारस ने अपने गुरुजी से दीक्षा ले ली है. वो कंठी (तुलसी) माला धारण करने लगे हैं. माथे पर चंदन का तिलक लगाते हैं. बीते कुछ वक्त से पारस पॉडकास्ट या इवेंट्स में भी तिलक लगाए दिखते हैं.
अपने हालिया पॉडकास्ट में पारस ने बताया कि कई लोग उन्हें चंदन लगाने के लिए ट्रोल करते हैं. अपने हेटर्स को पारस ने खुद में हुए बदलाव का जवाब दिया है. वो कहते हैं- मैं चंदन का तिलक लगाकर थोड़े दिन पहले एक इवेंट में गया था, वहां पर बड़े-बड़े सिंगर्स गा रहे थे. लोगों ने मुझे देखकर अच्छे कमेंट्स किए. मुझे कहा कि अच्छे लग रहे हो. आध्यात्मिक हो गए हो. कुछ लोगों ने ट्रोल भी किया. उन्होंने कहा कि इसे इंडस्ट्री में काम नहीं मिल रहा, इसलिए इस राह पर आ गया है. कुछ लोग बोलते हैं- ये भगवान की बातें पैसों के लिए कर रहा है. इसे पता चल गया इसमें बहुत पैसा है.
पॉडकास्ट में पारस ने बताया जिस दिन से उन्होंने कंठी धारी की, तबसे वो प्याज, लहसुन को अपनी स्वेच्छा से त्याग चुके हैं. उन्होंने सुबह जल्दी उठना, मंदिर के आगे बैठकर नामजप करना शुरू कर दिया है. पारस के मुताबिक, उनके जीवन में नाम जप करने और कंठी पहनने के बाद से बड़ा बदलाव आया है. पारस की जर्नी ने कईयों को इंस्पायर किया है. फैंस उन्हें फिर से स्क्रीन पर देखने के इंतजार में हैं.













