
'धुरंधर 2' का साउथ में भौकाल! पवन कल्याण की 'उस्ताद भगत सिंह' को पछाड़ा, किए 100 करोड़ पार
AajTak
‘धुरंधर 2’ सिर्फ हिंदी मार्केट ही नहीं, साउथ में भी धमाके कर रही है. पवन कल्याण की ‘उस्ताद भगत सिंह’ को पीछे छोड़ते हुए इसने पहले वीकेंड में 100 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन कर लिया. खास बात ये है कि ये कमाई ज्यादातर हिंदी वर्जन से ही आई है, जो अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है.
'धुरंधर 2' ने उत्तर भारत और हिंदी फिल्मों की ट्रेडिशनल मार्केट में तो धुआंधार भौकाल जमाया ही है. मगर साउथ में इसकी कामयाबी एक बहुत अलग कहानी है. 'धुरंधर 2' का क्रेज ऐसा है कि इसने तेलुगु सिनेमा के पावर स्टार कहे जाने वाले, आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की फिल्म 'उस्ताद भगत सिंह' को साउथ में ही पीछे छोड़ दिया है. जबकि 'धुरंधर 2' के डबिंग वर्जन रिलीज के अगले दिन सभी थिएटर्स में पहुंचे. फिर भी हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और कोच्चि जैसे शहरों में, सिर्फ हिंदी में ही 'धुरंधर 2' ने ऐसी कमाई की है जो वहां की अपनी घरेलू फिल्में नहीं कर पातीं.
साउथ में 'धुरंधर 2' की धमाकेदार कमाई पवन कल्याण की 'उस्ताद भगत सिंह' 19 मार्च को 'धुरंधर 2' के साथ ही तेलुगु में रिलीज हुई. पवन का क्रेज इतना तगड़ा है कि पहले दिनों में उनकी सबसे कमजोर फिल्में भी तगड़ी कमाई कर डालती हैं. कंटेंट हल्का होने का असर कम से कम दो-तीन दिन बाद नजर आता है. इस बार भी यही हुआ. सैकनिल्क का डेटा बताता है कि 'उस्ताद भगत सिंह' ने पहले दिन 41 करोड़ का ग्रॉस इंडिया कलेक्शन किया. शुक्रवार को ग्रॉस कलेक्शन घटकर 11 करोड़ के पास पहुंच गया. शनिवार-रविवार में भी 'उस्ताद भगत सिंह' का कलेक्शन और शोज दोनों घटते चले गए. पहले वीकेंड में पवन की फिल्म का फाइनल इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 71.66 करोड़ के आसपास है.
इसकी तुलना में 'धुरंधर 2' का साउथ के राज्यों में कलेक्शन बहुत आगे निकल चुका है. ट्रैकर जेरीन जॉर्जकुट्टी का डेटा कहता है कि 'धुरंधर 2' ने तेलुगु राज्यों आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में टोटल 39.5 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन किया है. रॉकिंग स्टार यश के राज्य कर्नाटक में फिल्म का 54.14 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन हुआ है. तमिलनाडु और केरल को मिलाकर 'धुरंधर 2' का ग्रॉस कलेक्शन ऑलमोस्ट 26 करोड़ रुपये हुआ है. साउथ के राज्यों से रणवीर सिंह की फिल्म पहले वीकेंड में कुल 119 करोड़ रुपये से ज्यादा कलेक्शन कर चुकी है.
पावर स्टार के घर में पावर दिखा रही 'धुरंधर 2' पवन के लिए तेलुगु राज्यों की जनता का प्यार ही उनकी सबसे बड़ी पॉलिटिकल ताकत भी है. इसका कमाल ये होता है कि उनकी कमजोर फिल्में भी पहले वीकेंड में सॉलिड कमाई कर ही लेती हैं. लेकिन 'धुरंधर 2' ने ओपनिंग डे के बाद 'उस्ताद भगत सिंह' को सांस ही नहीं लेने दी है.
संडे को तो हैदराबाद में 'उस्ताद भगत सिंह' और 'धुरंधर 2' (हिंदी) के शोज लगभग बराबर थे. लेकिन जहां रणवीर की फिल्म के लिए ऑक्यूपेंसी 85% से ज्यादा रही, वहीं पवन की फिल्म के लिए करीब 40%. विशाखापत्तनम में 'धुरंधर 2' के 82 शोज की ऑक्यूपेंसी 90% से ज्यादा रही. वहीं 'उस्ताद भगत सिंह' के 196 शो 33% ही भरे. यानी जहां 'धुरंधर 2' के शोज कम भी हैं, वहां जनता इतनी आ रही है कि 'उस्ताद भगत सिंह' ज्यादा शोज के बावजूद बराबरी नहीं कर पा रही.
साउथ से आई 'पुष्पा 2' जैसी फिल्म हिंदी में सबसे कमाऊ फिल्म साबित हो चुकी है. लेकिन 'धुरंधर 2' से पहले हिंदी फिल्मों का साउथ में इस तरह तगड़ा डोमिनेंस कभी नहीं रहा. 'धुरंधर 2' के तेलुगु, तमिल और मलयालम डबिंग वर्जन पूरी तरह थिएटर्स में शनिवार को पहुंचे. कन्नड़ वर्जन संडे तक थिएटर्स नहीं पहुंचा था. फिर भी सिर्फ हिंदी वर्जन से ही 'धुरंधर 2' साउथ में भौकाल जमा रही है.













