
'धुरंधर का टिकट अरेंज कर दो' 'जमील जमाली' से बोले सुनील गावस्कर, हाउसफुल जा रहे शो
AajTak
'धुरंधर 2' देखने के लिए जनता कितनी पागल है, ये अंदाजा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से मिल रहा है. फिल्म को लेकर इतना क्रेज है कि लेजेंडरी क्रिकेटर सुनील गावस्कर को भी टिकट नहीं मिल पा रही है. इसका खुलासा खुद राकेश बेदी ने किया है.
आदित्य धर की 'धुरंधर द रिवेंज' एक 'A' रेटेड फिल्म है, जिसका रन-टाइम 4 घंटे है. इसके आने से पहले थ्योरी लगाई गई कि कई लोग इतनी लंबी फिल्म थिएटर में देखने से बचेंगे. मगर डायरेक्टर ने अपनी स्टोरीटेलिंग से सभी थ्योरी खराब कर दी. अधिकतर हर थिएटर हाउसफुल हैं और लोग खुशी-खुशी 'धुरंधर' का पार्ट 2 देखने जा रहे हैं.
'धुरंधर 2' की सक्सेस बॉलीवुड के लिए भी काफी बड़ी है. महज पांच दिनों में फिल्म ने वर्ल्डवाइड 700 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए हैं. फिल्म में काफी सारे सरप्राइज और ट्विस्ट हैं, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर लगातार हो रही है. 'धुरंधर' के जमील जमाली तो पार्ट 2 के बाद हर तरफ छाए हुए हैं.
राकेश बेदी ने की लोगों से खास अपील
राकेश बेदी के काम की काफी तारीफ हो रही है. 'धुरंधर 2' में जिस तरह उन्होंने इंडियन स्पाई एजेंट बनकर लोगों को हैरानी में डाला है, वो तारीफ के काबिल बात है. ऐसे में एक्टर इंस्टाग्राम पर लोगों का धन्यवाद भी कर रहे हैं. मगर साथ ही वो उनसे रिक्वेस्ट कर रहे हैं कि कोई भी फिल्म के स्पॉइलर्स सोशल मीडिया पर ना शेयर करें.
राकेश बेदी ने अपने नए वीडियो में कहा, 'मुझे धुरंधर जैसी फिल्म में होने पर गर्व है. मैं ये कहूंगा कि इस फिल्म ने सभी पुराने रिकॉर्ड्स को तोड़ने से ज्यादा बर्बाद करके रख दिया है. साथ ही ये इंडिया समेत दुनियाभर में मौजूद लोगों के दिलों में भी पूरी तरह घुस चुकी है. ये सिर्फ एक कमर्शियल सक्सेस नहीं, बल्कि इसने इंडिया के लोगों पर भी एक असर छोड़ा है जिन्होंने इसे देखा है.'
'जो फिल्म के कलेक्शन और रिएक्शन्स सामने आ रहे हैं, उसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी. कई लोग इसे देखकर खुश हैं, मगर मेरी आप सभी से एक रिक्वेस्ट है. जब आप लोग फिल्म देखें, तो प्लीज फिल्म के सीन को शूट करके उसे सोशल मीडिया पर ना डालें. क्योंकि वो स्पॉइलर्स हैं, खासकर जो क्लाइमैक्स का सीन है. ये सही चीज नहीं है.'













