
ऋषभ पंत की होगी लिगामेंट सर्जरी, जानें कितनी है मुश्किल, हो पाएगी रिकवरी?
AajTak
हाल ही में कार एक्सीडेंट का शिकार हुए क्रिकेटर ऋषभ पंत की घुटनों की लिगामेंट सर्जरी की जाएगी. उन्हें पूरी तरह ठीक होने में हालांकि कई महीनों का समय लग सकता है लेकिन ऐसा कहा जा रहा है कि लिगामेंट सर्जरी के बाद उन्हें क्रिकेट खेलने में कोई परेशानी नहीं होगी. आइए जानते हैं कि लिगामेंट सर्जरी क्या है जिसके बाद घुटने टूटने के बाद भी व्यक्ति कैसे पहले की तरह दौड़-भाग सकता है.
कुछ दिन पहले भीषण कार हादसे का शिकार हुए भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को इलाज के लिए मुंबई (Mumbai) शिफ्ट किया गया है जहां उनकी लिगामेंट सर्जरी होनी है. दरअसल छह दिन पहले दिल्ली-देहरादून हाईवे पर उनकी कार का ऐक्सीडेंट हो गया था जिसमें वो बुरी तरह घायल हो गए थे. पहले उनका देहरादून में ही इलाज किया जा रहा था लेकिन अब उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में शिफ्ट किया गया है.
ऋषभ पंत की हेल्थ पर BCCI ने दिया ये अपडेट
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज की हेल्थ के बारे में जानकारी देते हुए बताया था कि उनके एक घुटने की तत्काल सर्जरी होनी है इसलिए उन्हें मुंबई लाया गया है.
बीसीसीआई के सचिव जय शाह की तरफ से जारी एक बयान के अनुसार, पंत को कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यहां ऋषभ के घुटने की सर्जरी होगी और आगे का इलाज किया जाएगा. उनके ठीक होने और रिहैबिलिटेशन के दौरान बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी करती रहेगी. बोर्ड ऋषभ की रिकवरी प्रक्रिया में सहायता और तेजी लाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा और इस अवधि के दौरान उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगा.
ऋषभ पंत की होगी लिगामेंट सर्जरी
बताया जा रहा है कि पंत के शरीर के कुछ हिस्सों में अभी भी दर्द और सूजन है. इसलिए उनका इलाज अब मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में हो रहा है और वहीं उनके घुटने की लिगामेंट की सर्जरी होगी. स्थिति को देखते हुए पंत को ठीक होने में छह महीने से अधिक समय लग सकता है और उसके बाद ही उनकी पिच पर वापसी मुमकिन है. बयान में यह भी बताया गया कि ऋषभ की तत्काल लिगामेंट (हड्डियों को जोड़ने वाले टिश्यू) सर्जरी होनी है क्योंकि उनके घुटनों में चोट आई है. बतौर स्पोर्ट्सपर्सन उनके लिए पूरी तरह से फिट होना बेहद जरूरी है. आमतौर पर किसी भी हादसे में हड्डियों में चोट आने की वजह से लिगामेंट को नुकसान पहुंचता है. लेकिन लिगामेंट सर्जरी के बाद व्यक्ति पहले की तरह ही दौड़-भाग और खेल सकता है.













