
'आर्टिस्ट की हत्या' करने वाली म्यूजिक इंडस्ट्री से खफा थे Arijit Singh! बड़ी प्लानिंग से कहा अलविदा...
AajTak
प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने का अरिजीत सिंह का फैसला अचानक नहीं आया. ये उस म्यूजिक ईकोसिस्टम से बाहर निकलने की तैयारी है, जहां आर्टिस्ट ओवरयूज़ होते हैं, कंट्रोल खो देते हैं और रॉयल्टी तक नहीं पाते. इंडिपेंडेंट म्यूजिक और लाइव परफॉर्मेंस के रास्ते अरिजीत ने सोचा-समझा एग्ज़िट प्लान बनाया है.
मॉडर्न बॉलीवुड के सबसे पॉपुलर सिंगर अरिजीत सिंह ने अचानक अनाउंस कर दिया कि वो प्लेबैक सिंगिंग छोड़ रहे हैं. इस अनाउंसमेंट से उनके फैन्स शॉक में हैं. क्योंकि अरिजीत की तगड़ी पॉपुलैरिटी इंडस्ट्री में एक मिथक का हिस्सा बन चुकी है— फिल्म हिट करानी है तो एल्बम में अरिजीत का एक गाना तो होना ही चाहिए! किसी नए हीरो को अरिजीत के गाने पर फिल्म में प्लेबैक करने का मौका मिल जाए तो उसे अपना कद बढ़ा हुआ लगने लगता है.
जिस आदमी को बॉलीवुड के प्लेबैक म्यूजिक सीन ने इतने ऊंचे शिखर पर पहुंचाया हो, वो अचानक प्लेबैक ही छोड़कर क्यों जा रहा है? पहली नजर में ये बात शॉकिंग लग सकती है. लेकिन असल में ये अरिजीत का सोचा-समझा प्लान नजर आता है. और इस प्लान की वजह है प्लेबैक सिंगिंग के ईकोसिस्टम से नाराज़गी!
आर्टिस्ट की ‘हत्या’ कर देने वाला म्यूजिक ईकोसिस्टमअरिजीत सिंह की आलोचना करने वाले लोग अक्सर उनकी तुलना ‘आलू’ से कर देते हैं— जैसे हर सब्ज़ी में आलू मिल जाता है, ऐसे ही हर फिल्म में अरिजीत का गाना मिल जाता है! शिकायत गलत भी नहीं है— 2026 का पहला महीना अभी खत्म भी नहीं हुआ है, बॉलीवुड को पूरे महीने में सिर्फ एक हिट मिली है. मगर 4 अलग-अलग फिल्मों से अरिजीत के 4 गाने आ चुके हैं— इक्कीस, बॉर्डर 2, गांधी टॉक्स और ओ रोमियो.
अरिजीत के ओवरयूज़्ड होने की शिकायत खुद उन्हें भी करीब एक दशक से है. मगर अरिजीत के गाने से फिल्म को जो एंगेजमेंट मिलना तय है, मेकर्स उसका लालच छोड़ ही नहीं पाते.
2017 के एक इंटरव्यू में अरिजीत ने कहा था कि वो रेडियो पर लगातार बजते अपने ही गानों से उकता चुके हैं. उन्होंने इंडस्ट्री से शिकायत के लहजे में पीटीआई से कहा था, “हर हफ्ते 10 से ज्यादा गाने रिलीज होते हैं. मेरी आवाज हो या किसी की भी, अगर गाने साल भर से ज्यादा चलते रहेंगे और अगर आप मार्केट में सबसे ज्यादा गाने गा रहे हैं तो ऑब्वियसली लोग ऊब जाएंगे, खुद मैं भी.”
2023 में द म्यूजिक पॉडकास्ट को अरिजीत ने बताया था कि उन्होंने अपने घर में अपने ही गाने चलाना बैन कर रखा है. अरिजीत ने फिल्म म्यूजिक के ईकोसिस्टम को आगाह करते हुए कहा था— “आप आर्टिस्ट की हत्या कर रहे हैं!”













