
'धुरंधर 2' पर राम गोपाल वर्मा का पोस्ट, फिल्ममेकर्स और एक्टर्स पर साधा निशाना
AajTak
फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने 'धुरंधर 2: द रिवेंज' को एक 'सिनेमैटिक डिसरप्टर' बताया है, जो दर्शकों की पसंद में आए एक साफ बदलाव को दिखाता है. इसके अलावा उन्होंने फिल्ममेकर्स को सलाह भी दी है.
फिल्म 'धुरंधर' पर डायरेक्टर आदित्य धर से ज्यादा अगर किसी ने ध्यान दिया है, तो वो कोई और नहीं बल्कि दिग्गज फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने की है. 'धुरंधर: द रिवेंज' को रिलीज हुए अभी बस एक दिन बीता है और राम गोपाल वर्मा ने बड़ी बात कह दी है.
अपने लंब-चौड़े पोस्ट में राम गोपाल वर्मा ने कई बड़े फिल्ममेकर्स पर ना सिर्फ निशाना साधा है बल्कि इस बार तो उन्होंने एक्टर्स को भी नहीं छोड़ा. इसके अलावा उन्होंने अपकमिंग फिल्मों को लेकर भी बड़ी बात कह दी है.
राम गोपाल वर्मा ने किया पोस्ट अपने X अकाउंट पर राम गोपाल वर्मा ने लिखा, 'धुरंधर 2' एक डरावनी फिल्म है. यह उन सभी फिल्म मेकर्स के लिए एक डरावनी फिल्म है, जिन्होंने घटिया और अतिरंजित (बढ़ा-चढ़ा कर) सिनेमा पर अपना करियर और दौलत बनाई. वह सिनेमा जो दिमाग को घर पर छोड़ने की मांग करता था. वो सिनेमा जो शोर-शराबे और मसाले से भरा हुआ हमारे गले में जबरदस्ती उतारा गया था, अब जल्द ही वेंटिलेटर पर सांस लेने के लिए संघर्ष करता हुआ नजर आएगा.'
फिल्ममेकर ने आगे लिखा, 'धुरंधर 2 उन सभी फिल्म मेकर्स को बुरी तरह डरा देगा जो आज भी ईश्वरीय नायक की पूजा करते हैं. धुरंधर 2 में रणवीर सिंह ने उन सभी नायकों को मार डाला है जो कभी खून नहीं बहाते, कभी दर्द महसूस नहीं करते, और फिर उन पुराने जमाने के नायकों की लाशों पर एक सच्चे, वास्तविक नायक को जन्म दिया है, जो खामियों से भरा है, फिर भी खतरनाक और अप्रत्याशित है, और उसकी वीरता उसके कार्यों से झलकती है, न कि कान फाड़ देने वाले म्यूजिक से.'
'इस नए तरह के हीरो के सामने, ईश्वरीय हीरो अचानक हास्यास्पद लगने लगेंगे, लगभग सर्कस के जोकरों की तरह और फिर उनके अंधभक्त फिल्मों के कलेक्शन सुनकर खुद को नंगा, बेनकाब और डरा हुआ महसूस करेंगे.'
राम गोपाल वर्मा ने आगे लिखा, 'धुरंधर 2 उन लोगों को डरा देगा जिन्होंने अपना करियर एक्शन सीन्स पर बनाया है, जहां फिजिक्स एक मजाक है और गुरुत्वाकर्षण का कोई अस्तित्व नहीं है. वो दृश्य, जिनमें पुरुषों को पचास फीट हवा में उछाला जाता है, रबर की गेंदों की तरह जमीन से टकराकर वापस आते हैं, शहरों को राख कर देने वाले विस्फोटों से बच जाते हैं, और फिर भी कंधे झाड़ते हुए दमदार डायलॉग बोलते हैं, नए ऑडियंस द्वारा खूब पसंद किए जाएंगे और उनकी आलोचना की जाएगी.'













