
'धुरंधर 2' ने पहले ही दिन रचा इतिहास! एक दिन में कमा डाले 200 करोड़ से ज्यादा, ढहे बॉलीवुड के सारे टॉप रिकॉर्ड
AajTak
‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचते हुए पहले ही दिन 200 करोड़ से ज्यादा वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर लिया है. रणवीर सिंह की फिल्म ने ‘जवान’ और ‘पुष्पा 2’ जैसी फिल्मों के सबसे बड़े रिकॉर्ड्स तोड़ दिए. ये फिल्म पहले वीकेंड में ही 800 करोड़ के करीब पहुंचकर नया बेंचमार्क सेट करेगी.
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' से आते ही धमाके की उम्मीद तो सभी को थी. लेकिन ये धमाका कितना तगड़ा होगा, इसका सटीक अनुमान कोई नहीं लगा पा रहा था. अब 'धुरंधर 2' ने खुद ही बता दिया है कि ये फिल्म बिजनेस का इतिहास और भविष्य बदलने आई है! जहां बॉलीवुड ने अभी तक वर्ल्डवाइड 150 करोड़ की भी ओपनिंग नहीं देखी, वहीं 'धुरंधर 2' पहली बार बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए 200 करोड़ का पहाड़ पार कर गई है.
'धुरंधर 2' की धमाकेदार शुरुआत रणवीर की फिल्म ने बुधवार के प्रीव्यू शोज में ही 50 करोड़ से ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन करके बता दिया था कि इसकी ओपनिंग रिकॉर्डतोड़ होने वाली है. लेकिन गुरुवार को रिलीज के दिन 'धुरंधर 2' के शोज जिस तरह सुबह से ही फुल होने शुरू हुए, उसने दिन खत्म होने तक सारे अनुमानों को भी बहुत पीछे छोड़ दिया.
सैकनिल्क के अनुसार, 'धुरंधर 2' ने सिर्फ इंडिया में ही करीब 120 करोड़ से ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन कर डाला है. जिसमें से फिल्म का नेट कलेक्शन करीब 102 करोड़ रुपये है. अनुमान है कि सिर्फ हिंदी वर्जन से 'धुरंधर 2' ने करीब 99 करोड़ का कलेक्शन किया है.
इंडिया के साथ-साथ ओवरसीज मार्केट में भी 'धुरंधर 2' ने धमाकेदार शुरुआत की है. अनुमान है कि ओपनिंग डे के लिए फिल्म ने करीब 5 मिलियन डॉलर से ज्यादा ग्रॉस ओवरसीज कलेक्शन किया है. भारतीय करंसी में ये करीब 48 करोड़ रुपये होते हैं. फाइनल आंकड़ों में फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन इससे ज्यादा भी सामने आ सकता है.
प्रीव्यू शोज का कलेक्शन बॉक्स ऑफिस खातों में पहले दिन के साथ ही गिना जाता है. इसलिए कुल मिलाकर 'धुरंधर 2' ने करीब 220 करोड़ रुपये से ज्यादा वर्ल्डवाइड कलेक्शन पहले दिन अपने नाम किया है.
पहले ही दिन रिकॉर्ड्स की बरसात 'धुरंधर 2' की ओपनिंग ने कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं. इससे पहले बॉलीवुड की सबसे बड़ी ओपनिंग शाहरुख खान की फिल्म 'जवान' से आई थी, जिसने पहले दिन 129 करोड़ से कुछ ज्यादा वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. इंडिया में 200 करोड़ की ओपनिंग अभी तक सिर्फ साउथ की फिल्मों 'पुष्पा 2', 'RRR' और 'बाहुबली 2' के नाम रही है. फाइनल कलेक्शन के आंकड़ों में 'धुरंधर 2' की कमाई, बाहुबली और RRR से भी ज्यादा पहुंच सकती है.













