
‘अगले जन्म में कुत्ते बनोगे...’, मीटिंग में गुस्साए निवेशक ने सुनाई ब्रह्मा जी की कहानी, दे दिया श्राप!
AajTak
ऑनलाइन मीटिंग में कंपनी का पूरा मैनेजमेंट और बड़े-बड़े शेयरहोल्डर्स मौजूद थे. तभी अचानक एक इन्वेस्टर का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने अपनी बात की शुरुआत ब्रह्मा जी की कहानी से की और अंत इस सवाल पर लाकर रोक दिया कि आखिर इस दुनिया में कुत्ते आए कैसे.
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऑनलाइन मीटिंग का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. इसमें कंपनी का पूरा मैनेजमेंट और कई शेयरहोल्डर्स मौजूद थे, तभी एक शेयरहोल्डर इस कदर गुस्से में आ गए कि उन्होंने सीधे मैनेजमेंट को श्राप सुना डाला. मीटिंग के दौरान उन्होंने अधिकारियों को इतनी खरी-खोटी सुनाई कि मीटिंग का ये हिस्सा वायरल हो गया.
फ्री प्रेस जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, यह वीडियो GKB Ophthalmics लिमिटेड की वर्चुअल मीटिंग का बताया जा रहा है. वीडियो में एक शख्स की आवाज सुनाई देती है, जिनका नाम अभिषेक कालरा बताया जा रहा है. शुरुआत में वे कहते है -सर, आप साल में सिर्फ एक बार मौका देते हैं और कहते हैं कि बात एक मिनट में खत्म करें. इसके बाद उन्होंने जो कहना शुरू किया तो फिर रुकने का नाम ही नहीं लिया.
सुनाई ब्रह्मा जी की कहानी
कालरा ने मीटिंग के बीच ब्रह्मा जी की कहानी सुनानी शुरू की. उन्होंने कहा—किसी ने ब्रह्मा जी से पूछा कि सड़क पर कुत्ते क्यों पैदा होते हैं? ब्रह्मा जी ने कहा—जो लोग दूसरों का पैसा दबा लेते हैं और जिनकी नीयत खराब होती है, वे अगले जन्म में कुत्ते बनकर आते हैं.
इसके बाद उन्होंने सीधे कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर केजी गुप्ता पर निशाना साधा और कहा गुप्ता साहब किताबें लिखते हैं, दावा करते हैं कि 40 साल से ग्लास बिजनेस में हैं. कभी अमेरिका में, कभी ब्रिटेन में कंपनी खोलते हैं, लेकिन इन कंपनियों ने कभी मुनाफा नहीं कमाया.
देखें वायरल वीडियो













