
Virat Kohli Ranji Trophy: पहले एंट्री के लिए मारामारी, फिर कोहली के आउट होते ही कोटला में पसरा सन्नाटा, खाली हुए स्टैंड
AajTak
दिल्ली और रेलवे के बीच रणजी मैच में कोहली की बैटिंग देखने के लिए अरुण जेटली स्टेडियम में लगभग 15 हजार दर्शक मौजूद थे. लेकिन कोहली ने उन सभी फैन्स का दिल तोड़ दिया. कोहली सिर्फ 6 रन बनाकर हिमांशु सांगवान की गेंद पर चलते बने.
टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली लगभग 13 साल बाद रणजी ट्रॉफी खेलने उतरे हैं. कोहली रेलवे के खिलाफ मुकाबले में दिल्ली की ओर से खेल रहे हैं. यह मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है. मुकाबले में कोहली के होने से फैन्स का उत्साह चरम पर था. फैन्स को उम्मीद थी कि किंग कोहली बल्ले से धूम मचाएंगे, मगर उन्होंने दिल्ली की पहली पारी में निराशाजनक प्रदर्शन किया.
कोहली के आउट होने से निराश हुए फैन्स
विराट कोहली सिर्फ 6 रन बना सके. कोहली रेलवे के तेज गेंदबाज हिमांशु सांगवान को नहीं झेल पाए और बोल्ड हो गए. कोहली इस छोटी सी पारी के दौरान टच में लग रहे थे, उन्होंने एक शानदार स्ट्रेट डाइव चौका भी लगाया. लेकिन इसके बाद वो अपनी पारी ज्यादा लंबी नहीं खींच सके कोहली के आउट होते कोटला से फैन्स ने मैदान से जाना शुरू कर दिया.
ईएसपीएन क्रिकइंफो के मुताबिक मुकाबले के पहले दिन अरुण जेटली स्टेडियम में लगभग 15000 दर्शक मौजूद थे. दूसने दिन भी कोहली की बैटिंग देखने के लिए लगभग इतने ही तादाद में दर्शक आए थे. कोहली को लेकर फैन्स का जुनून इस कदर था कि स्टेडियम में एंट्री के लिए मारामारी मच गई थी. पहले दिन तो तीन प्रशंसक घायल भी हो गए थे, वहीं दूसरे दिन भी सुबह 5 बजे ही फैन्स स्टेडियम के बाहर जमा हो गए. हालांकि कोहली ने सस्ते में आउट होकर उन सभी फैन्स का दिल तोड़ दिया. कोहली के आउट होते ही स्टैंड लगभग खाली हो गए और एक तरह से सन्नाटा पसर गया.
यह भी पढ़ें: विराट कोहली के लिए क्रेजी हुए दिल्ली के फैन्स, स्टेडियम में घुसने के लिए मारामारी-तोड़फोड़, कई जख्मी
विराट कोहली इससे पहले आखिरी बार साल 2012 में रणजी मैच खेलने उतरे थे. तब उन्होंने उत्तर प्रदेश के खिलाफ गाजियाबाद में रणजी मैच खेला था. उस मुकाबले में कोहली ने पहली पारी में 14 रन बनाए थे. कोहली को पहली पारी में भुवनेश्वर कुमार ने आउट किया था. दूसरी पारी में कोहली 43 रन बनाकर फिर से भुवनेश्वर की गेंद पर आउट हो गए थे. अब करीब 13 साल बाद वो रणजी मैच खेलने उतरे हैं. बता दें कि जियो सिनेमा इस मैच का लाइव टेलीकास्ट कर रहा है.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












