
Varanasi News: 'जब रोकेंगे तो रुक जाएंगे, लेकिन...', शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने शुरू की धर्मयुद्ध यात्रा
ABP News
Varanasi News In Hindi: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने धर्मयुद्ध यात्रा की शुरुआत कर दी है. इस दौरान गौ रक्षा के लिए उन्होंने सरकार पर निशाना साधा है.
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अपनी गोप्रतिष्ठा धर्मयुद्ध यात्रा की शुरुआत कर दी है. इस दौरान वह पालकी में सवार होकर निकले हैं. पालकी में बैठते ही उन्होंने सरकार पर हमला बोल दिया है. शंकराचार्य ने यात्रा को लेकर कहा कि अभी तो जरूरी हो गई है और मजबूरी हो गई. अपने द्वारा चुनी सरकारों के सामने अपनी गौ-माता को बचाने के लिए युद्ध करना पड़ रहा है. उन्होंने आगे कहा कि राजनीति वाले राजनीतिक मायने निकालते हैं. हम धार्मिक लोग हैं. अपनी गौ-माता को बचाने के लिए निकल रहे हैं.
शंकराचार्य ने आगे कहा कि चिंतामणि गणेश जी का दर्शन करके अब संकट मोचन जा रहे हैं. उन्होंने कहा है कि गौ माता पर जो संकट आया है उसके निवारण के लिए प्रार्थना करेंगे. यात्रा को रोके जाने पर कहा कि जब रोकेंगे तो रुक जाएंगे, लेकिन क्यों रोकेंगे ये सवाल है?
अविमुक्तेश्वरानंद महाराज ने कहा कि हम लोगों को धर्म युद्ध के लिए निकालना पड़ रहा है. अब यह यात्रा युद्ध की तरफ जा रही है. सरकार की ओर से कोई संदेश नहीं आया है. उन्होंने कहा कि सारे विधायक सांसद इस यात्रा में शामिल होने के लिए आएं.
उन्होंने आगे कहा कि हर हिंदू चाहता है गौ हत्या रुकनी चाहिए. जनता के लिए संदेश है गौ हत्या के खिलाफ एक हो जाओ. साथ ही जनता से आग्रह है कि आप लखनऊ आ जाओ. ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य और शूद्र में हर हिन्दू गौ हत्या रोकना चाहता है सब एक साथ आ रहे हैं.













