
UPSC Exam Result 2025: उत्तरकाशी के ऋषभ नौटियाल और आशुतोष नौटियाल ने UPSC में लहराया परचम, प्रदेश का नाम किया रोशन
ABP News
UPSC Result 2025: यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा के घोषित परिणाम में उत्तराखंड के युवाओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. उत्तरकाशी के 2 छात्रों ने सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया.
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा के घोषित परिणाम में उत्तराखंड के युवाओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. विशेष रूप से उत्तरकाशी जनपद के दो होनहार युवाओं ऋषभ नौटियाल और आशुतोष नौटियाल ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है.
उत्तरकाशी के पुरोला क्षेत्र के ग्राम सुनाली निवासी ऋषभ नौटियाल, पुत्र ललिता नौटियाल और त्रयंबक नौटियाल ने कठिन परिश्रम और लगन के बल पर यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त की है. उनकी इस उपलब्धि से उनके गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर है. वहीं, जिले के ही ग्राम गुलाड़ी बनाल निवासी आशुतोष नौटियाल, पुत्र लक्ष्मण नौटियाल ने भी इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है.
दोनों युवाओं की सफलता की खबर मिलते ही उनके गांवों में उत्सव जैसा माहौल बन गया. स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने दोनों सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद पहाड़ के युवाओं ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.
इसी के साथ जौनसार-बावर क्षेत्र की होनहार बेटी आस्था चौहान ने भी यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में अपने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है.













