
Team India Squad For Champions Trophy: सिराज OUT, यशस्वी को बिग चांस, सुंदर की सरप्राइज एंट्री... चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए टीम सेलेक्शन की 5 बड़ी बातें
AajTak
चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम में मोहम्मद सिराज को जगह नहीं मिली है. सिराज के ना होने से भारतीय टीम का पेस अटैक फिलहाल कमजोर नजर आ रहा है. अगर बुमराह पूरी तरह फिट हो जाते हैं, जबकि शमी इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दौरान लय हासिल कर लेते हैं तब तो ठीक है...
आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान 18 जनवरी (शनिवार) को कर दिया गया. मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने टीम का ऐलान किया. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कप्तान रोहित शर्मा भी मौजूद थे. चैम्पियंस ट्रॉफी इस बार 'हाइब्रिड मॉडल' के तहत पाकिस्तान की मेजबानी में होनी है. इसके मुकाबले पाकिस्तान के तीन शहरों (रावलपिंडी, कराची और लाहौर) एवं दुबई में खेले जाएंगे. चैम्पियंस ट्रॉफी की शुरुआत 19 फरवरी से हो रही है.
सिराज का बाहर होना चौंकाने वाला सेलेक्शन की सबसे बड़ी बात तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को चैम्पियंस ट्रॉफी टीम से बाहर करना रहा है. सिराज वनडे वर्ल्ड कप 2023 और टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय टीम का हिस्सा थे. वो लगातार भारतीय टीम के ओडीआई सेटअप में बने हुए थे. ऐसे में यह हैरान करने वाला फैसला रहा. तेज गेंदबाजों मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह की फिटनेस सवालों के घेरे में हैं, जबकि अर्शदीप सिंह को सिर्फ 8 वनडे मैचों का अनुभव है. सिराज के ना होने से भारतीय टीम का पेस अटैक फिलहाल कमजोर नजर आ रहा है. अगर बुमराह पूरी तरह फिट हो जाते हैं, जबकि शमी इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दौरान लय हासिल कर लेते हैं तब तो ठीक है. अन्यथा भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ जाएंगी.
गिल को भी मिली ये खुशखबरी चैम्पियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम की कप्तानी रोहित शर्मा करेंगे. वही शुभमन गिल को टीम का उप-कप्तान बनाया गया है. शुभमन पिछले साल श्रीलंका दौरे पर भी वनडे और टी20 टीम के कप्तान उप-कप्तान बनाए गए थे. शुभमन को उप-कप्तान बनाकर चयनकर्ताओं ने ये संदेश दिया है कि वो भविष्य की ओर देख रहे हैं. हार्दिक पंड्या भी इस रोल के लिए दावेदार थे, लेकिन उन्हें फिर निराशा हाथ लगी. जसप्रीत बुमराह की फिटनेस सवालों के घेरे में हैं, जिसके चलते उप-कप्तानी की दौड़ में वो पिछड़ गए.
यशस्वी को मिला बिग चांस हालिया ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ओपनर यशस्वी जायसवाल को भी चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया में जगह मिली है. यशस्वी को पहली बार वनडे टीम में जगह मिली है. यानी उन्होंने अब तक एक भी ओडीआई मुकाबला नहीं खेला है. अब वो इस मौके को भुनाने का पूरा प्रयास करेंगे. हालांकि रोहित शर्मा और शुभमन गिल के होते हुए उनके लिए प्लेइंग-11 में जगह बन पाना मुश्किल लग रहा है.
सुंदर की सरप्राइज एंट्री दाएं हाथ के ऑफ-स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर को भी स्क्वॉड में चुना गया है. हालांकि उनका प्लेइंग-11 में जगह बनाना मुश्किल लग रहा है. सुंदर को शायद इसलिए टीम में जगह मिली है कि वो बाएं हाथ के उपयोगी बल्लेबाज हैं. यानी वो बैटिंग के दौरान लेफ्ट-राइट का कॉम्बिनेशन बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं. वैसे सुंदर के पास वनडे क्रिकेट का उतना अनुभव नहीं है और उन्होंने भारत के लिए इस फॉर्मेट में सिर्फ 22 मुकाबले खेले हैं.
14 महीने बाद शमी ODI टीम में सेलेक्शन की एक बड़ी बात अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वनडे टीम में भी वापसी रही. शमी 2023 के वनडे वर्ल्ड कप के बाद एक्शन से दूर थे. उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज के लिए भी टीम में शामिल किया गया है. शमी ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद सर्जरी कराई थी. शमी बाएं घुटने में सूजन के कारण हालिया ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी जाने से चूक गए थे.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












