
'T20 वर्ल्ड कप से बाहर होना स्वीकार...', ICC के फैसले पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने तोड़ी चुप्पी
AajTak
बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने का मौका मिलने जा रहा है. बांग्लादेशी टीम को आईसीसी ने इस टूर्नामेंट से आउट कर दिया था क्योंकि वो सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत में मैच नहीं खेलने का फैसला किया, जिसके बाद क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने ये कठिन कदम उठाया.
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने आधिकारिक तौर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के उस फैसले को स्वीकार कर लिया है, जिसके तहत बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया गया है. आईसीसी ने पुष्टि की थी कि भारत और श्रीलंका में अगले महीने होने वाले इस टूर्नामेंट में अब बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड हिस्सा लेगा.
इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए BCB ने कहा कि वह आईसीसी बोर्ड के अंतिम फैसले का सम्मान करता है, भले ही उसकी मांगों को नहीं माना गया. आईसीसी की ओर से बांग्लादेश के मैच किसी अन्य देश में शिफ्ट करने या ग्रुप बदलने से इनकार के बाद बोर्ड के पास इस फैसले को स्वीकार करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा.
बीसीबी मीडिया कमेटी के चेयरमैन अमजद हुसैन ने कहा कि इस स्थिति तक पहुंचने से पहले बोर्ड ने हर संभव कोशिश की. उन्होंने कहा, 'हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की. हम आईसीसी बोर्ड का पूरा सम्मान करते हैं. बोर्ड की बहुमत राय यह थी कि मैच को कहीं और शिफ्ट नहीं किया जा सकता. इसके बाद भी हमने अपने स्तर पर अनुरोध किए, लेकिन जब वे इसे करने को तैयार नहीं हैं, तो हमारे पास और कुछ करने को नहीं बचता.'
बांग्लादेश अब अपील नहीं करेगा बांग्लादेश लगातार यह रुख अपनाता रहा कि टीम के लिए भारत यात्रा सुरक्षित नहीं है और इस रुख को बांग्लादेश सरकार की सलाह का भी समर्थन हासिल था. अमजद हुसैन ने पुष्टि की कि अब बीसीबी ने आईसीसी के फैसले को पूरी तरह स्वीकार कर लिया है और किसी भी तरह की अपील या मध्यस्थता की प्रक्रिया में नहीं जाएगा.
उन्होंने कहा, 'हमने ICC बोर्ड के फैसले को स्वीकार कर लिया है. ICC ने साफ कहा है कि हम न तो भारत जाकर खेल सकते हैं और ना ही हमारे मैच श्रीलंका शिफ्ट किए जा सकते हैं. ऐसे में हम किसी अलग मध्यस्थता या अन्य प्रक्रिया में नहीं जा रहे हैं. हमने सरकार से बात की है. सरकार का कहना है कि वर्ल्ड कप खेलने भारत जाना हमारे खिलाड़ियों, पत्रकारों और टीम के साथ जाने वाले सभी लोगों के लिए सुरक्षित नहीं होगा.'
बांग्लादेश के बाहर होने की औपचारिक पुष्टि तब हुई, जब ICC ने दुबई में हुई एक अहम बैठक के बाद BCB को पत्र भेजा. इस बैठक की अध्यक्षता ICC चेयरमैन जय शाह ने की थी. आखिरी प्रयास के तौर पर BCB ने मामले को ICC की विवाद समाधान कमेटी के पास भेजने का अनुरोध किया था, लेकिन कमेटी ने स्पष्ट किया कि वह अपील मंच के रूप में काम नहीं कर सकती. इसके बाद ICC के फैसले पर मुहर लग गई.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












