
Mumbai Vaccination: फर्जी वैक्सीन लगाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक बड़े कॉलेज का नाम आया सामने
ABP News
मुंबई की हाईप्रोफाइल सेसाईटी के बाद अब एक बड़े कॉलेज का नाम भी सामने आया है, जहां पर फर्जी वैक्सीन कैंप लगाया गया था. कॉलेज ने इसकी शिकायत पुलिस से की है.
मुंबई पुलिस ने हाल ही में कोविड वैक्सीन कैंप चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था. इस गिरोह के जाल में फंसने वाला शहर के एक बड़े कॉलेज का नाम अब सामने आया है. इस कॉलेज का नाम आदित्य कॉलेज ऑफ डिजाइन स्टडीज है. इस कॉलेज के ट्रस्टी आशीष मिश्रा ने मुंबई के बोरीवली पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें बताया गया कि इस गिरोह के झांसे में आकर उन्होंने 3 जून को कैंप का आयोजन करवाया था जिसमें 213 लोगों को वैक्सीन लगी थी. इन 213 लोगों में कॉलेज के छात्र, ट्रस्टी और कॉलेज के कर्मचारी हैं. कॉलेज ने अपने आधिकारिक बयान में बताया, "3 जून 2021 को आदित्य कॉलेज परिसर में आयोजित टीकाकरण अभियान का आयोजन एक बड़े अस्पताल के मुख्य प्रबंधक राजेश पांडे की एक इवेंट कंपनी द्वारा किया गया था. जिन्होंने सहमति व्यक्त की और आश्वासन दिया कि पूरा शिविर पर्यवेक्षण में होगा. पांडे ने आश्वासन दिया था कि वो इसका आयोजन करवाएगा, सभी आवश्यक अनुमतियां और कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करेगा और हमारा यानी कि कॉलेज का काम केवल भुगतान तक ही सीमित रहेगा."More Related News













