
बिहार नीट छात्रा केस की जांच में तेजी, फिर जहानाबाद पहुंची CBI की टीम, मामा और परिवार से पूछताछ
ABP News
Bihar News: जांच के सिलसिले में सीबीआई की टीम तीसरी बार जहानाबाद पहुंची. टीम द्वारा परिवार के सदस्यों से कई घंटों तक लगातार पूछताछ की गई. छात्रा की मौत के मामले में हो रही जांच तेजी से चल रही है.
बिहार के पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में अब तेजी आ रही है. इस मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) अब लगातार तेजी से एक्शन मोड में है. गुरुवार (19 फरवरी) को जांच के सिलसिले में सीबीआई की टीम तीसरी बार जहानाबाद पहुंची. इस बार पांच सदस्यीय सीबीआई टीम सीधे मखदूमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत छात्रा के मामा के गांव पहुंची.
परिवार के सदस्यों से कई घंटों तक लगातार पूछताछ की गई. इससे पहले मंगलवार (17 फरवरी) को सीबीआई टीम ने उसी गांव का दौरा किया था और छात्रा के माता-पिता, भाई, भाभी, दादी और बुआ से विस्तार से पूछताछ की थी.
सीबीआई ने उस दौरे के दौरान छात्रा के भाई का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है. जांचकर्ताओं को बाद में पता चला कि फोन मरम्मत के लिए मखदूमपुर की एक दुकान में दिया गया था. जब टीम पहली बार दुकान पर पहुंची, तो वह बंद पाई गई. बाद में मोबाइल फोन पास की एक पान की दुकान से बरामद किया गया.
सूत्रों का कहना है कि फोन की फोरेंसिक जांच से मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं. सूत्रों के अनुसार सीबीआई ने पहले छात्रा के मामा को पूछताछ के लिए पटना बुलाया था. जब वह उपस्थित नहीं हुए, तो जांच टीम ने उनके गांव जाकर वहीं पूछताछ करने का फैसला किया.













