
Kamada Ekadashi 2026: 28 मार्च को पूरे दिन एकादशी तिथि, लेकिन व्रत 29 मार्च को, जानें सही मुहूर्त
ABP News
Kamada Ekadashi 2026: चैत्र शुक्ल पक्ष की कामदा एकादशी पापों का नाश करती है और पुण्य दिलाती है. शनिवार 28 मार्च को पूरे दिन एकादशी तिथि रहेगी, लेकिन कामदा एकादशी व्रत रविवार 29 मार्च को रखा जाएगा.
Kamada Ekadashi 2026: एकादशी तिथि का व्रत भगवान श्रीहरि विष्णु को समर्पित है. एकादशी व्रत का हिंदू धर्म में विशेष महत्व भी है, जोकि माह में दो बार रखा जाता है. चैत्र महीने के शुक्ल पक्ष में पड़ने वाली एकादशी को कामदा एकादशी के नाम से जाना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु की पूजा और व्रत करने से सभी पापों से मुक्ति मिलती है और मनोकामना पूरी होती है.
पद्म पुराण में भी कामदा एकादशी व्रत के महात्मय के बारे में बताया गया है. लेकिन इस बार कामदा एकादशी व्रत की तिथि को लेकर असमंजस की स्थिति गहराई हुई है. इसका कारण यह है कि, 28 मार्च को पूरे दिन एकादशी तिथि रहेगी, लेकिन इसके बावजूद व्रत 29 मार्च को रखना शुभ रहेगा.
28 मार्च को पूरे दिन एकादशी लेकिन व्रत 29 को (Kamada Ekadashi 2026 Date)
पंचांग के अनुसार, चैत्र शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि शनिवार 28 मार्च 2026 सुबह 08.46 पर शुरू हो जाएगी और 29 मार्च सुबह 07.45 पर समाप्त होगी. 29 मार्च को उदयातिथि मिल रही है, इसलिए रविवार 29 मार्च को ही कामदा एकादशी का व्रत करना शुभ रहेगा. वहीं पूजा के लिए 29 मार्च को सुबह 07:48 से दोपहर 12:26 तक का मुहूर्त सबसे शुभ है.













