
IPL 2025: आईपीएल में वापस लौटेगा ये नियम, कप्तानों की मुहर का इंतजार, कोरोना के समय हुआ था बैन
AajTak
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) आईपीएल 2025 में लार पर से प्रतिबंध हटा सकता है. इस पर कप्तान फैसला ले सकते हैं. भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने भी इसकी वापसी की वकालत की थी.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) 22 मार्च से शुरू हो रहे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इस सीजन में गेंद पर लार लगाने पर से प्रतिबंध हटा सकता है. बीसीसीआई में इस प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई है और मुंबई में गुरुवार को आईपीएल की सभी टीमों के कप्तानों के सामने इसे रखा जाएगा.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने कोरोना महामारी के दौरान एहतियात के तौर पर गेंद को चमकाने के लिए उस पर लार लगाने के बरसों पुराने चलन पर प्रतिबंध लगा दिया था. आईसीसी ने 2022 में यह प्रतिबंध स्थायी कर दिया.
आईपीएल ने भी कोरोना महामारी के बाद यह प्रतिबंध खेलने की शर्तों में शामिल किया, लेकिन आईपीएल के दिशानिर्देश आईसीसी के अधिकार क्षेत्र से परे हैं.
बीसीसीआई के एक आला अधिकारी ने पीटीआई से कहा ,‘कोरोना से पहले गेंद पर लार लगाना आम बात थी. अब कोरोना का खतरा नहीं है तो आईपीएल में गेंद पर लार लगाने पर लगा प्रतिबंध हटाने में कोई बुराई नहीं है.’
उन्होंने कहा,‘हम समझते हैं कि लाल गेंद के क्रिकेट पर इसका व्यापक प्रभाव होता है और सफेद गेंद के प्रारूप में भी इससे गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है. आईपीएल में इसकी अनुमति होनी चाहिये. देखते हैं कि कप्तान क्या तय करते हैं.’
आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी के दौरान भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने कहा था कि गेंद पर लार लगाने की जरूरत है वरना यह पूरी तरह से बल्लेबाजों के पक्ष में हो जाएगा. साउथ अफ्रीका के वेर्नोन फिलैंडर और न्यूजीलैंड के टिम साउदी ने भी इसका समर्थन किया था.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












