
INDW vs SLW: कौन हैं 17 साल की कमलिनी, जिन्हें स्मृति मंधाना को OUT करके मिला डेब्यू का मौका
AajTak
भारत ने सीरीज पहले ही जीत लेने के बाद आखिरी टी20I में स्मृति मंधाना और रेणुका सिंह को आराम दिया है. इस मुकाबले से 17 वर्षीय जी कमलिनी ने भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया. अंडर-19 वर्ल्ड कप और WPL में शानदार प्रदर्शन कर चुकी कमलिनी को भविष्य की बड़ी प्रतिभा माना जा रहा है.
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए स्मृति मंधाना को आराम देने का फैसला किया है. उनकी जगह 17 वर्षीय जी कमलिनी ने भारतीय राष्ट्रीय टीम के लिए अपना डेब्यू किया. मंधाना चौथे टी20I में प्लेयर ऑफ द मैच रही थीं, जहां उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 80 रनों की पारी खेली थी. हालांकि मैच के अंतिम क्षणों में उन्हें हल्की सी परेशानी (निगल) महसूस हुई थी, जिसके बाद सीरीज पहले ही जीत चुकी टीम प्रबंधन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता था.
कौन हैं जी कमलिनी
जी कमलिनी ने इस साल की शुरुआत में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए खुद को उभरते हुए बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया था. वह टूर्नामेंट में सात पारियों में 143 रन बनाकर तीसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं. उनका औसत 35.75 रहा, जिसमें नाबाद 56 रनों की संयमित पारी खास रही.
महिला प्रीमियर लीग में किया था कमाल
कमलिनी पहली बार बड़े स्तर पर तब चर्चा में आई थीं, जब पिछले सीजन महिला प्रीमियर लीग (WPL) की नीलामी में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 1.60 करोड़ रुपये में खरीदा था. इससे पहले, 18 फरवरी को उन्होंने इतिहास रचते हुए WPL में खेलने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया था. महज 16 साल और 213 दिन की उम्र में बाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने 2023 की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए गुजरात जायंट्स के खिलाफ वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में डेब्यू किया था.
उनकी तेज तरक्की से प्रभावित होकर मुंबई इंडियंस ने WPL 2026 की नीलामी से पहले कमलिनी को रिटेन किया. वह अब हरमनप्रीत कौर, नैट साइवर-ब्रंट, हेली मैथ्यूज और अमनजोत कौर जैसी सीनियर खिलाड़ियों के साथ टीम का हिस्सा बनी हुई हैं.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












