
IND vs ENG, T20 Series: अर्शदीप सिंह के निशाने पर युजवेंद्र चहल का रिकॉर्ड... 2 विकेट लेते ही रच देंगे इतिहास
AajTak
भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ सबसे पहले 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी. टी20 सीरीज के बाद दोनों देशों के बीच 3 वनडे मुकाबले भी खेले जाएंगे. टी20 सीरीज में सबकी निगाहें तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर रहेंगी, जो एक धांसू रिकॉर्ड बनाने के करीब हैं.
भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ अपने घर पर 22 जनवरी (बुधवार) से पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है. इस टी20 सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव करेंगे. जबकि अक्षर पटेल को इस सीरीज के लिए उप-कप्तान बनाया गया है. 15 सदस्यीय टीम में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को भी शामिल किया गया है, जो लगभग 14 महीने बाद एक्शन में लौटे हैं.
अर्शदीप सिंह इतिहास रचने की दहलीज पर
मोहम्मद शमी इस टी20 सीरीज में अर्शदीप सिंह संग पेस अटैक की अगुवाई करेंगे. अर्शदीप हालिया समय में जबरदस्त फॉर्म में रहे हैं. साल 2024 में अर्शदीप ने 18 टी20 इंटरनेशनल में 7.49 की इकोनॉमी रेट से 36 विकेट लिए थे और वह पिछले वर्ष इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज रहे. अर्शदीप ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भी शानदार प्रदर्शन किया, जहां उन्होंने 17 विकेट लेकर भारतीय टीम को चैम्पियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी.
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अब यदि इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 2 विकेट ले लेते हैं, तो इतिहास रच देंगे. दो विकेट लेते ही अर्शदीप टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे. अर्शदीप लेग-स्पिनर युजवेंद्र चहल को पछाड़ देंगे जो काफी समय से टीम से बाहर चल रहे हैं. बता दें कि चहल अभी टी20 इंटरनेशनल में सबसे सफल भारतीय गेंदबाज हैं.
युजवेंद्र चहल ने भारत के लिए अब तक 80 टी20 मैचों में 8.19 की इकोनॉमी रेट से 96 विकेट लिए हैं. वहीं दूसरे नंबर पर मौजूद अर्शदीप सिंह ने अब तक 60 टी20I में 8.32 की इकोनॉमी रेट से 95 विकेट चटकाए हैं. जबकि तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार 90 विकेट्स के साथ इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं.
टी20I में सर्वाधिक विकेट (भारतीय गेंदबाज) 96 विकेट- युजवेंद्र चहल 95 विकेट- अर्शदीप सिंह 90 विकेट- भुवनेश्वर कुमार 89 विकेट- जसप्रीत बुमराह 89 विकेट- हार्दिक पांड्या

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












