
IND vs ENG 4th T20: पुणे में हुए 4 T20 मैच, एक पारी में रन बनने को लेकर है गजब का उतार-चढ़ाव, आंकड़े दे रहे गवाही
AajTak
पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में अब तक चार टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं. इस ग्राउंड पर पहला टी20 इंटरनेशनल 20 दिसंबर 2012 को भारत और इंग्लैंड के बीच ही खेला गया था.
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला 31 जनवरी (शुक्रवार) को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) स्टेडियम में होना है. मुकाबले में भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव करेंगे, वहीं जोस बटलर के कंधों पर इंग्लिश टीम की कमान होगी. भारतीय समयानुसार यह मुकाबला शाम 7.30 बजे से शुरू होगा.
देखा जाए तो एमसीए स्टेडियम में भारतीय टीम का टी20I रिकॉर्ड अब तक उतना अच्छा नहीं रहा है. भारत ने इस मैदान पर अब तक चार टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें उसे दो में जीत मिली. जबकि दो मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा.
♦ इस ग्राउंड पर पहला टी20 इंटरनेशनल 20 दिसंबर 2012 को भारत और इंग्लैंड के बीच ही खेला गया था. उस मुकाबले में भारतीय टीम ने 158 रनों का टारगेट पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया था. फिर इस मैदान पर बाकी के तीनों टी20I मैच भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए.
♦ जब 9 फरवरी 2016 को इस मैदान पर टी20 मुकाबला खेला गया, तो भारतीय टीम उस मुकाबले में सिर्फ 101 रनों पर सिमट गई. फिर श्रीलंकाई टीम ने पांच विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया.
♦ इसके बाद 10 जनवरी 2020 को हुए मुकाबले के दौरान भारतीय टीम ने छह विकेट पर 201 रनों का स्कोर खड़ा किया. जवाब में श्रीलंकाई टीम 123 रनों पर ही सिमट गई. यानी भारत ने उस मुकाबले को 78 रनों से जीता था.
♦ फिर 5 जनवरी 2023 को खेले गए टी20I मुकाबले में श्रीलंका ने 6 विकेट पर 206 रनों का स्कोर खड़ा किया. 207 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम आठ विकेट पर 190 रन ही बना सकी और उसे 16 रनों से हार झेलनी पड़ी.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












