
IND vs ENG 1st T20I Match: विराट कोहली और रोहित शर्मा के संन्यास के बाद पहली बार होगी इंग्लैंड से टक्कर, जानिए कौन किस पर भारी
AajTak
भारतीय टीम अब अपने घर में इंग्लैंड के खिलाफ 22 जनवरी से 2 फरवरी के बीच 5 टी20 मुकाबले खेलेगी. इसके बाद 6 फरवरी से 12 फरवरी के बीच 3 वनडे होंगे. विराट कोहली और रोहित शर्मा के टी20 इंटरनेशनल से संन्यास के बाद भारत और इंग्लैंड के बीच यह किसी भी फॉर्मेट में पहली सीरीज होने वाली है.
IND vs ENG 1st T20I Match: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में मिली 1-3 से हार को भुलाकर नए साल में भारतीय टीम अपने नए मिशन की तैयारियों में जुट गई है. भारतीय टीम अब घर में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी. यह एकदम खास सीरीज होने वाली है.
दरअसल, विराट कोहली और रोहित शर्मा के टी20 इंटरनेशनल से संन्यास के बाद भारत और इंग्लैंड के बीच यह किसी भी फॉर्मेट में पहली सीरीज होने वाली है. इस टी20 सीरीज में सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम की कमान संभालेंगे.
रोहित और कोहली की गैरमौजूदगी में उनके कंधों पर इंग्लैंड को पटखनी देने की बड़ी चुनौती रहेगी. हालांकि कोहली और रोहित के संन्यास के बाद भारतीय टीम ने कई टी20, वनडे और टेस्ट सीरीज खेली हैं, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ यह पहली किसी भी फॉर्मेट में पहली टक्कर होने वाली है.
पिछली बार टी20 वर्ल्ड कप में हुई थी टक्कर
पिछली बार भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच घमासान मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप 2024 में हुआ था. तब सेमीफाइनल में यह दोनों टीमें आमने-सामने आई थीं. तब कप्तानी रोहित शर्मा के हाथों में थी. 27 जून 2024 को गुयाना में खेले गए उस महामुकाबले में भारतीय टीम ने जोस बटलर की कप्तानी वाली इंग्लिश टीम को 68 रनों से करारी शिकस्त दी थी.
इस जीत के बाद भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची थी. जहां साउथ अफ्रीका को 7 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया था. ऐसे में वो जीत भारत के लिए बेहद खास थी. फाइनल जीतने के बाद कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास का ऐलान कर दिया था. इसके ठीक अगले दिन स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भी इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












