
ICC ना कर दे पाकिस्तान के साथ 'खेला', T20 वर्ल्ड कप का किया बायकॉट, तो बांग्लादेश की खुल जाएगी किस्मत
AajTak
आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की भागीदारी पर अनिश्चितता और गहरा गई है. पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने स्पष्ट किया कि इस संवेदनशील मुद्दे पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है और अगले सोमवार तक कोई निर्णय होगा.
बांग्लादेश के आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने धमकी दी कि वो इस टूर्नामेंट का बहिष्कार करने पर विचार करेगा. पीसीबी ने अंतिम फैसला नहीं लिया है, ऐसे में पाकिस्तानी टीम के टी20 वर्ल्ड कप में भाग लेने पर फिलहाल सस्पेंस है. पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी के मुताबिक टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला इस शुक्रवार या फिर आगामी सोमवार को ले लिया जाएगा. नकवी ने इस मुद्दे पर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की है.
हालांकि, पाकिस्तान के पूरे टूर्नामेंट से हटने की संभावना कम मानी जा रही है. वैसे अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटता है तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) उस पर एक्शन लेगी. साथ ही पाकिस्तान के बाहर होने पर बांग्लादेशी टीम की किस्मत बदल सकती है. इस मामले से जुड़े एक अधिकारी ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटता है, तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) बांग्लादेश को वापस बुलाने पर विचार कर सकती है, ताकि वह पाकिस्तान की जगह ग्रुप A में शामिल होकर अपने सभी मैच श्रीलंका में खेले. यह वही व्यवस्था होगी, जिसकी मांग पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने की थी और इससे लॉजिस्टिक लेवल पर भी ज्यादा दिक्कतें नहीं होंगी.
यह भी पढ़ें: ICC के एक अल्टीमेटम ने निकाल दी पाकिस्तान की पूरी हेकड़ी, बायकॉट किया तो तबाह हो जाएगा क्रिकेट बोर्ड
अधिकारी के मुताबिक, इस तरह आईसीसी पर यह आरोप नहीं लगेगा कि उसने बांग्लादेश की सुरक्षा संबंधी मांगों के आगे झुककर फैसला लिया. बल्कि इसे पाकिस्तान के हटने के बाद बदले हालात का नतीजा माना जाएगा. गौरतलब है कि 24 जनवरी को आईसीसी ने बांग्लादेश की छुट्टी कर उसकी जगह ग्रुप-सी में स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया था. बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में अपने मैच खेलने से इनकार कर दिया था, इसके बाद ही आईसीसी ने ये निर्णय लिया.
मोहसिन नकवी ने अपने पोस्ट में क्या लिखा? उधर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात के बाद मोहसिन नकवी ने X पर लिखा, 'प्रधानमंत्री के साथ एक सार्थक बैठक हुई. मैंने उन्हें आईसीसी से जुड़े मामले की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सभी विकल्प खुले रखते हुए इसका समाधान निकाला जाए. यह तय हुआ कि भागीदारी पर अंतिम फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार को होगा.'
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पास फिलहाल ऐसा कोई मजबूत आधार नहीं है, जिसके दम पर उसकी टीम आगामी टूर्नामेंट से हट सके. पीसीबी ने बांग्लादेश की इस मांग का समर्थन किया था कि उसके मैच भारत से बाहर कराए जाएं, लेकिन आईसीसी बोर्ड में यह प्रस्ताव खारिज हो गया.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












