
Champions Trophy History: चोकर्स-कीवी ने उड़ाई मौज... भारतीय टीम 2 बार बनी चैम्पियन, ऐसा है 'मिनी वर्ल्ड कप' का इतिहास
AajTak
ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 का आगाज 19 फरवरी को होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 9 मार्च खेला जाएगा. भारतीय टीम अपने सभी मैच दुबई में खेलेगी. यह टूर्नामेंट 8 साल बाद लौट रहा है. चैम्पियंस ट्रॉफी की जब शुरुआत हुई थी, तब इसे 'मिनी वर्ल्ड कप' कहा जाता था. वैसे इसका तब ऑफिशियल नाम 'ICC नॉकआउट' था.
ICC Champions Trophy History: पाकिस्तान की मेजबानी में होने वाली ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 को अब सिर्फ 6 दिन ही बाकी हैं. टूर्नामेंट का आगाज 19 फरवरी को होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 9 मार्च खेला जाएगा. भारतीय टीम अपने सभी मैच दुबई में खेलेगी. यह टूर्नामेंट 8 साल बाद लौट रहा है. इसे 'मिनी वर्ल्ड कप' कहा जाता है, जिसके शुरुआत में चोकर्स कही जाने वाली साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड टीम ने मौज उड़ाई है.
हालांकि चैम्पियंस ट्रॉफी का इतिहास काफी उथल-पुथल भरा रहा है. एक समय यह टूर्नामेंट डब्बा बंद होने वाला था. यानी इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इसे बंद करने का फैसला कर लिया था. हर बुरे दौर को झेलकर 8 साल बाद लौट रही चैम्पियंस ट्रॉफी को लेकर फैन्स काफी उत्साहित भी हैं.
यह भी पढ़ें: बुमराह-स्टार्क-कमिंस आउट... चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए बड़े फेरबदल, देखें सभी 8 टीमों के स्क्वॉड
पहले 2 सीजन साउथ अफ्रीका-न्यूजीलैंड ने जीते
दरअसल, चैम्पियंस ट्रॉफी की जब शुरुआत हुई थी, तब इसे 'मिनी वर्ल्ड कप' कहा जाता था. वैसे इसका तब ऑफिशियल नाम 'ICC नॉकआउट' था. इसका इतिहास 27 साल पुराना है. इसका पहला सीजन 1998 में बांग्लादेश की मेजबानी में खेला गया था.
तब साउथ अफ्रीका ने यह खिताब जीता था. उसने फाइनल में वेस्टइंडीज को हराया था. तब इसे हर 2 साल में कराने का फैसला किया था. ऐसे में दूसरा सीजन 2000 में केन्या में हुआ, तब फाइनल में भारतीय टीम को हराकर न्यूजीलैंड ने खिताब जीता था. खास बात ये है कि अफ्रीका और न्यूजीलैंड अब तक वनडे वर्ल्ड कप नहीं जीत सके, लेकिन मिनी वर्ल्ड कप में उन्होंने बाजी मार ली है.













