
CCTV में कोई दिखा नहीं, 7वें फ्लोर पर सैफ-करीना का घर, क्या अंदर ही था हमलावर? बच्चों के कमरे तक कैसे पहुंचा
AajTak
सैफ अली खान के घर में चोर घुस आया था. एक्टर और चोर के बीच हाथपाई हुई, जिसके बाद सैफ पर चाकू से वार किया गया. सैफ अली खान, मुंबई के बांद्रा में अपने परिवार के साथ रहते हैं. उनका अपार्टमेंट बिल्डिंग की 7वीं मंजिल पर है. ऐसे में सवाल ये उठता है कि आखिर सैफ के घर में चोर घुसे कैसे?
बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर चाकू से हमला होने के बाद इंडस्ट्री में हलचल मची हुई है. एक्टर पर बीती रात 2 बजे धारदार हथियार से वार किया गया, जिसमें वो जख्मी हो गए. जानकारी के मुताबिक, एक्टर के घर में चोर घुस आया था. एक्टर और चोर के बीच बहस और हाथपाई हुई, जिसके बाद सैफ पर चाकू से वार हुआ. फिलहाल एक्टर का इलाज मुंबई के लीलावती अस्पताल में चल रहा है. सैफ अली खान, मुंबई के बांद्रा में अपने परिवार के साथ रहते हैं. उनका अपार्टमेंट बिल्डिंग की 7वीं मंजिल पर है. ऐसे में सवाल ये उठता है कि आखिर सैफ के घर में चोर घुसे कैसे?
कैसे घर में घुसे चोर?
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के डीसीपी दीक्षित गेडाम ने बताया कि उन्हें रात 3 बजे के आसपास जानकारी मिली थी कि एक्टर सैफ अली खान पर चाकू से हमला हुआ है. फिलहाल सैफ अस्पताल में हैं और उनका इलाज चल रहा है. एक्टर अभी खतरे से बाहर हैं. पुलिस की एक्टर से कोई बात नहीं हुई है. इस हमले में सैफ अली खान के घर पर काम करने वाली महिला स्टाफ भी चोटिल हुई है.
सैफ पर हुआ हमले को लेकर सबसे बड़ा सवाल
मुंबई पुलिस ने बताया कि घटना से दो घंटे पहले की सीसीटीवी फुटेज को उन्होंने देखा है. फुटेज में कोई अंदर जाते हुए नजर नहीं आ रहा. ऐसे में पुलिस को शक है कि हमलावर अंदर ही था. मुंबई पुलिस की टीम सैफ अली खान के घर पहुंचकर हर एंगल से जांच कर रही है. एक्टर के घर के 5 स्टाफ मेंबर्स से पूछताछ की जा रही है.
वैसे सबसे ज्यादा शक पुलिस को सैफ अली खान और करीना कपूर के घर में बनी एक डक्ट के रास्ते पर है. ये डक्ट बेडरूम में जाकर खुलती है. शुरुआती जांच में पुलिस का कहना है कि चोर इसी डक्ट से घर में दाखिल हुए होंगे. सीसीटीवी फुटेज में किसी के अंदर आने की तस्वीर नहीं है. घर में अनजान चेहरा आने की बात नहीं कही गई है. इसका मतलब ये अटैक प्लान करके किया गया है?













