
BNP की धमाकेदार वापसी, कट्टरपंथी जमात को झटका और NCP बिखरी... बांग्लादेश के चुनाव नतीजों का डिकोड
ABP News
Bangladesh Election Results 2026: शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद GenZ दंगे से लेकर अंतरिम सरकार तक, सबकुछ बदल गया. अब करीब डेढ़ साल बाद चुनाव हुए, जिसमें इतिहास ने खुद को दोहराया और BNP चुनाव जीत गई.
बांग्लादेश में 12 फरवरी 2026 को संसदीय चुनाव हुए, जो 2024 में छात्र-नेतृत्व वाले आंदोलन से शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद पहला बड़ा राष्ट्रीय चुनाव था. यह चुनाव अवामी लीग (शेख हसीना की पार्टी) के बैन होने के बाद हुआ और मुहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के बाद लोकतंत्र की वापसी का पहला टेस्ट था. चुनाव में मुख्य मुकाबला बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP), जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11-पार्टी गठबंधन (जिसमें नेशनल सिटिजन पार्टी या NCP शामिल थी) के बीच था. यह चुनाव बांग्लादेश के इतिहास में ऐतिहासिक था क्योंकि यहां पहली बार GenZ आंदोलन के बाद नई ताकतें उभरीं, लेकिन परिणाम पुरानी राजनीति की वापसी दिखाते हैं. जमात का 15 साल पुराना वर्चस्व खत्म हो गया.
BNP की शानदार वापसी और बहुमत हासिल करना
तारिक रहमान की पार्टी ने 20 साल बाद सत्ता में वापसी की, जिसकी वजह हैं तारिक रहमान. वे 17 साल से लंदन में निर्वासन पर थे और मां खालदा जिया के निधन के बाद दिसंबर 2025 में ढाका वापस आए थे. चुनाव में BNP और उनके सहयोगियों ने 299 सीटों में से 216 सीटें जीतीं हैं. यह दो-तिहाई बहुमत से ज्यादा है, जो संवैधानिक बदलावों को आसानी से पास करने की ताकत देता है. तारिक रहमान ने ढाका-17 और बोगरा-6 सीटों से जीत हासिल की और अब प्रधानमंत्री बनने की ओर हैं.
BNP ने चुनाव में नौकरियां, अर्थव्यवस्था सुधार, भ्रष्टाचार खत्म करने और किसानों-युवाओं पर फोकस किया. पार्टी ने जीत के बाद संयम बरता यानी कोई जश्न नहीं मनाया, बल्कि मस्जिदों, मंदिरों, चर्चों में प्रार्थना का आह्वान किया. अवामी लीग के कई पुराने मतदाता BNP की ओर चले गए, क्योंकि वे स्थिरता चाहते थे. यह 2001 के बाद BNP का सबसे बड़ा प्रदर्शन है.













