
BJP सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल बोले 'मां-बाप को छोड़ कर विदेश में मौज करने वालों के पासपोर्ट हो रद्द'
ABP News
UP News: बीजेपी सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने राज्यसभा में विदेश में रह रहे उन लोगों का पासपोर्ट रद्द करने की मांग की जो माता-पिता की देखभाल नहीं करते.
बीजेपी के राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने एक बेहद भावुक और गंभीर मामला सदन में उठाया है. संसद में जारी बजट सत्र के दौरान 11 फरवरी को उन्होंने मांग की कि जो संतान अपने माता-पिता को भारत में अकेला छोड़कर विदेश में रहते हैं और उनकी देखभाल नहीं करते हैं, उसका पासपोर्ट रद्द किया जाए. उन्होंने कहा कि “मां-बाप को भारत में तड़पता छोड़कर विदेश का आनंद लेने वालों का पासपोर्ट रद्द हो”.
उन्होंने सरकार से यह भी आग्रह किया कि हर छह माह पर माता-पिता से “Certificate of Fulfilled Obligation” लेना अनिवार्य किया जाए. उनका कहना था कि यह कदम बुजुर्गों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है.
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि करीब साढ़े तीन करोड़ भारतीय विदेशों में रह रहे हैं. इनमें से अधिकांश के माता-पिता या सास-ससुर भारत में ही रहते हैं. उन्होंने कहा कि इनकी सफलता के पीछे माता-पिता का त्याग, तपस्या और आर्थिक बलिदान शामिल है.
उन्होंने बताया कि कई माता-पिता ने बच्चों को विदेश भेजने के लिए जमीन-जायदाद तक बेच दी. सस्ती शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की सरकारी योजनाओं का भी योगदान रहा. लेकिन समय के साथ कई मामलों में संतानों का लगाव कम होता गया और बुजुर्ग अकेले पड़ गए.













