
Amrit Mahotsav: अमृत महोत्सव के तहत भगवान टॉकीज जंक्शन और फ्लाईओवर का ट्रांसफॉर्मेशन शुरू, 75 घंटों में नजर आएगा बदला हुआ स्वरूप
ABP News
Agra Smart City: 75 घंटों के भीतर भगवान टॉकीज (Bhagwan Talkies) चौराहा और फ्लाईओवर पूरी बदला हुआ नजर आएगा. ट्रैफिक मैनेजमेंट पर काम चल रहा है, साथ ही रंग रोगन कर इसे आकर्षक बनाया जा रहा है.
Agra Amrit Mahotsav: पूरा देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर अमृत महोत्सव मना रहा है. इसी क्रम में केंद्रीय शहरी एवं आवास विकास मंत्रालय (Union Ministry of Urban and Housing Development) की तरफ से एक नूतन प्रयोग किया जा रहा है. इस प्रयोग के तहत देश के चयनित 100 स्मार्ट सिटी (Smart City) में से 22 शहरों में किसी पार्क, चौराहे या किसी महत्वपूर्ण जगह का 75 घंटे के भीतर पूरी तरह से ट्रांसफॉर्मेशन किया जा रहा है, यानी नवीनीकरण. सौंदर्यीकरण के जरिए शहर की जनता में अच्छा संदेश देना भी इस प्रयोग का मकसद है.
बदला हुआ नजर आएगा स्वरूप इसी अभियान के तहत आगरा के सबसे व्यस्ततम चौराहे में से एक भगवान टॉकीज चौराहे और फ्लाईओवर को चयनित किया गया है. 75 घंटे के इस महाअभियान की शुरुआत का शुभारंभ मंडलायुक्त आगरा अमित गुप्ता और आईजी रेंज आगरा नवीन अरोरा ने की है. इस अभियान के जरिए 75 घंटों के भीतर भगवान टॉकीज चौराहा और फ्लाईओवर पूरी तरह से बदला हुआ नजर आएगा. इसके लिए वहां ग्रीन कवर विकसित किया जा रहा है, ट्रैफिक मैनेजमेंट पर काम चल रहा है, साथ ही रंग रोगन के जरिए इसे पूरी तरह से आकर्षक बनाया जा रहा है. अमृत महोत्सव के इस अभियान में आगरा नगर निगम और आगरा स्मार्ट सिटी संयुक्त तौर पर इस जगह को विकसित कर रही है.













