
'8 करोड़ नहीं बस 2 लाख ही उड़ाए थे...',दुल्हन पर नोट उड़ाने के वीडियो पर दूल्हे के भाई की सफाई
AajTak
एक पंजाबी शादी का वीडियो वायरल होने के बाद दावा किया गया कि दूल्हे के परिवार ने दुल्हन पर 8.5 करोड़ रुपये बरसाए. हालांकि इवेंट मैनेजर और परिवार ने इसे गलत बताया है. उनके अनुसार कुल रकम चार लाख रुपये से कम थी. सोशल मीडिया पर बढ़ा-चढ़ाकर पेश किए गए दावे ने शादी के जश्न को सनसनी बना दिया.
यूं तो भारत की लोकल शादियों में पैसे उड़ाने का खूब ट्रेंड है लेकिन कभी कभी लोग हद ही कर देते हैं. सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पंजाबी शादी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दूल्हे की तरफ से दुल्हन पर नोटों की बारिश होती दिखाई दे रही है. कई पोस्ट में दावा किया गया कि दूल्हे के परिवार ने दुल्हन पर 8.5 करोड़ रुपये नकद लुटाए.
दरअसल, यह शादी 14 फरवरी को आयोजित की गई थी. समारोह में रंग-बिरंगी सजावट, ढोल-नगाड़े, डीजे और पारंपरिक नृत्य का माहौल था. स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन के ऊपर मेहमानों ने खुशी जाहिर करते हुए नोट उड़ाए, जिसका वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर साझा कर दिया. इसके बाद देखते ही देखते वीडियो को करोड़ों रुपये की बरसात से जोड़ दिया गया. हालांकि, जांच पड़ताल में यह दावा पूरी तरह भ्रामक निकला है.
इवेंट मैनेजर और डीजे, जिन्हें कार्यक्रम के बाद गिरे हुए पैसे समेटने का जिम्मा मिला था, ने स्पष्ट किया कि कुल राशि करीब चार लाख रुपये के आसपास थी, जिसमें कुछ डॉलर भी शामिल थे. उन्होंने कहा कि 'करोड़ों' की बात पूरी तरह बढ़ा-चढ़ाकर पेश की गई है. उन्हें समझ नहीं आ रहा कि यह आंकड़ा कहां से आया.
दूल्हे के भाई सिकंदर सिंह ने सफाई देते हुए बताया कि उनका परिवार ऑस्ट्रेलिया में ट्रक कारोबार से जुड़ा है. शादी में खुशी के मौके पर करीब दो लाख रुपये के आसपास नोट उड़ाए गए थे. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इसे 8.5 करोड़ रुपये बताना सरासर गलत है और इससे अनावश्यक भ्रम फैलाया जा रहा है.
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि मेहमान पारंपरिक पंजाबी अंदाज में जश्न मना रहे हैं. शादी का माहौल उत्साह और उमंग से भरा था. हालांकि,सोशल मीडिया पर सनसनीखेज दावों ने इस सामान्य परंपरा को असाधारण बना दिया.

'ऐसे बनेंगे विश्वगुरु...', सिलेंडर के लिए लाइन में खड़े बच्चे ने ऐसा क्या कहा कि हो गया वायरल; देखें
मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर के पन्ना रोड पर खुले स्वरूप गैस एजेंसी के गोदाम से लोगों को LPG गैस सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं और लोग घरेलू गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी कतार में लगे हुए हैं. इसी लाइन में लगे एक 14 वर्षीय लड़के ने अपनी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सबके होश उड़ा दिए,जिसका वीडियो जबरदस्त वायरल हो रहा है. देखिए.

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में LPG सिलेंडर की कमी से ज्यादातर खाने पीने के स्टॉल परेशान है. और इससे खाना पकाने का भी खर्चा बढ़ गया है, क्योंकि कमर्शियल गैस नहीं मिलने की वजह से कई लोगों मे कोयले की भट्टी और इलेक्ट्रिक स्टोव का इस्तेमाल करना शुरु कर दिया है. कुछ दुकानदारों ने ये बढ़ा हुआ खर्च ग्राहकों पर डाल दिया है.

बिहार समेत 10 राज्यों में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए हुए चुनाव में कई दिलचस्प नतीजे सामने आए. बिहार, ओडिशा और हरियाणा को छोड़कर अन्य सात राज्यों में 26 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए. वहीं, बिहार की सभी पांच सीटें एनडीए ने जीतीं, जबकि ओडिशा में बीजद और कांग्रेस विधायकों की क्रॉस-वोटिंग के कारण भाजपा को दो सीटें मिलीं. हरियाणा में मतपत्र की गोपनीयता को लेकर विवाद के कारण मतगणना करीब 5 घंटे तक रुकी रही.

दिल्ली में एलपीजी सिलेंडर की कमी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है, खासकर झुग्गी बस्तियों में रहने वाले परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं. गोविंदपुरी के नवजीवन कैंप में कई घरों में खाना बनना बंद हो गया है. पहले 900 रुपये का सिलेंडर अब ब्लैक मार्केट में 4,000 रुपये तक बिक रहा है, जबकि खुले में बिकने वाली गैस 400 रुपये प्रति किलो मिल रही है. कई लोग लकड़ी से खाना बना रहे हैं और गैस एजेंसियों की ओर से मदद नहीं मिलने की शिकायत कर रहे हैं.









