
2027 में बड़ा धमाका करेंगे रणबीर कपूर! रामायण के बाद करेंगे एनिमल पार्क की शूटिंग, दिया बड़ा अपडेट
AajTak
रणबीर कपूर ने Animal Park को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग कब से शुरू होनी है. साथ ही जाहिर किया कि इसमें उनका किरदार कैसा होगा. रणबीर जल्द ही रामायणम् में भी दिखाई देने वाले हैं.
बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर अपनी आने वाली फिल्मों रामायण, संदीप रेड्डी वांगा की एनिमल पार्क और संजय लीला भंसाली की लव एंड वॉर को लेकर खूब सुर्खियों में हैं. जहां रामायण दिवाली 2026 पर रिलीज होने वाली है और लव एंड वॉर के भी 2026 में आने की चर्चा है, वहीं एनिमल के सीक्वल को लेकर अब तक कोई पक्की जानकारी नहीं थी. लेकिन अब खुद रणबीर कपूर ने इस पर बड़ा अपडेट दिया है.
रणबीर कपूर ने एनिमल पार्क को लेकर क्या कहा?
रणबीर इस समय दो बड़ी फिल्मों पर काम कर रहे हैं – संजय लीला भंसाली की लव एंड वॉर और नितेश तिवारी की रामायण. इसी बीच उन्होंने एनिमल पार्क को लेकर बताया कि इसके डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा फिलहाल अपनी दूसरी फिल्म स्पिरिट में व्यस्त हैं. रणबीर के मुताबिक, एनिमल पार्क की शूटिंग 2027 में शुरू होगी.
डेडलाइन हॉलीवुड से उन्होंने कहा- डायरेक्टर (संदीप) अभी दूसरी फिल्म बना रहे हैं (स्पिरिट). हम एनिमल पार्क 2027 में शुरू करेंगे. इसमें थोड़ा समय है.
क्या एनिमल तीन फिल्मों की सीरीज बनेगी?
इसी बातचीत में रणबीर ने ये भी बताया कि संदीप रेड्डी वांगा एनिमल को तीन पार्ट में बनाना चाहते हैं. दूसरे पार्ट का नाम एनिमल पार्क होगा. रणबीर ने कहा कि पहले पार्ट से ही कहानी को आगे बढ़ाने पर चर्चा होती रही है और डायरेक्टर के पास आगे की कहानी को लेकर बड़ा प्लान है.













