
15 लाख लेकर बीच बाजार मारी थी गोली...,देहरादून के अर्जुन शर्मा हत्याकांड में दो भाई गिरफ्तार
AajTak
देहरादून में अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस मुठभेड़ में दो सगे भाई राजू और पंकज राणा घायल होकर गिरफ्तार हुए हैं. पूछताछ में 12 से 15 लाख रुपये में हत्या की सुपारी लेने की बात सामने आई है. मामले में कुछ बड़े नामों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े हुए अर्जुन शर्मा हत्याकांड ने नया मोड़ ले लिया है. देर रात पुलिस और दो आरोपियों- राजू राणा और पंकज राणा के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें राजीव उर्फ राजू के दाहिने पैर में गोली लगी. दोनों को घायल हालत में पुलिस ने गिरफ्तार कर कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया. देर रात एसएसपी अजय सिंह भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
पुलिस के अनुसार, अर्जुन शर्मा की तिब्बती मार्केट के सामने गोली मारकर हत्या की गई थी. शुरुआती जांच में सामने आया कि इस वारदात की सुपारी दो सगे भाइयों ने ली थी. पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया है कि हत्या की डील 12 से 15 लाख रुपये के बीच तय हुई थी. हालांकि पुलिस अभी आधिकारिक तौर पर किसी भी दावे की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही करेगी.
सूत्रों के मुताबिक, राजू राणा ई-रिक्शा चलाता है और उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है. साल 1997 में वह अपने सौतेले पिता की हत्या के मामले में जेल जा चुका है. पुलिस ने बताया कि डोईवाला इलाके में आरोपियों को पकड़ने की कोशिश के दौरान उन्होंने फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस कार्रवाई में वे घायल हुए.
मामले की जांच के दौरान एक और अहम पहलू सामने आया है. आरोपियों ने पूछताछ में एक डॉक्टर का नाम लिया है. वहीं मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी ने भी अपनी तहरीर में देहरादून के कुछ बड़े नामों का जिक्र किया है. सूत्रों का कहना है कि पूछताछ में कई अन्य नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है.
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से गहन जांच कर रही है. आरोपियों से विस्तृत पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल दोनों घायल आरोपियों का इलाज चल रहा है और पुलिस सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि साजिश में शामिल हर व्यक्ति की भूमिका की जांच कर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.

'ऐसे बनेंगे विश्वगुरु...', सिलेंडर के लिए लाइन में खड़े बच्चे ने ऐसा क्या कहा कि हो गया वायरल; देखें
मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर के पन्ना रोड पर खुले स्वरूप गैस एजेंसी के गोदाम से लोगों को LPG गैस सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं और लोग घरेलू गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी कतार में लगे हुए हैं. इसी लाइन में लगे एक 14 वर्षीय लड़के ने अपनी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सबके होश उड़ा दिए,जिसका वीडियो जबरदस्त वायरल हो रहा है. देखिए.

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में LPG सिलेंडर की कमी से ज्यादातर खाने पीने के स्टॉल परेशान है. और इससे खाना पकाने का भी खर्चा बढ़ गया है, क्योंकि कमर्शियल गैस नहीं मिलने की वजह से कई लोगों मे कोयले की भट्टी और इलेक्ट्रिक स्टोव का इस्तेमाल करना शुरु कर दिया है. कुछ दुकानदारों ने ये बढ़ा हुआ खर्च ग्राहकों पर डाल दिया है.

बिहार समेत 10 राज्यों में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए हुए चुनाव में कई दिलचस्प नतीजे सामने आए. बिहार, ओडिशा और हरियाणा को छोड़कर अन्य सात राज्यों में 26 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए. वहीं, बिहार की सभी पांच सीटें एनडीए ने जीतीं, जबकि ओडिशा में बीजद और कांग्रेस विधायकों की क्रॉस-वोटिंग के कारण भाजपा को दो सीटें मिलीं. हरियाणा में मतपत्र की गोपनीयता को लेकर विवाद के कारण मतगणना करीब 5 घंटे तक रुकी रही.

दिल्ली में एलपीजी सिलेंडर की कमी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है, खासकर झुग्गी बस्तियों में रहने वाले परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं. गोविंदपुरी के नवजीवन कैंप में कई घरों में खाना बनना बंद हो गया है. पहले 900 रुपये का सिलेंडर अब ब्लैक मार्केट में 4,000 रुपये तक बिक रहा है, जबकि खुले में बिकने वाली गैस 400 रुपये प्रति किलो मिल रही है. कई लोग लकड़ी से खाना बना रहे हैं और गैस एजेंसियों की ओर से मदद नहीं मिलने की शिकायत कर रहे हैं.









