
स्कॉटलैंड को नई नवेली टीम ना समझें! अब तक इतने टी20 वर्ल्ड कप खेल चुकी, उलटफेर करने में माहिर
AajTak
बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड की टीम आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने जा रही है. स्कॉटलैंड की टीम उलटफेर करने में उस्ताद है, ऐसे में ग्रुप-सी में मौजूद बाकी टीमों कोे स्कॉटलैंड से सावधान रहना होगा.
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया है. इस मेगा टूर्नामेंट के लिए बांग्लादेश के भारत आने से इनकार के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने यह बड़ा फैसला लिया. शुक्रवार (24 जनवरी) की शाम आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को एक ईमेल भेजकर इस फैसले की जानकारी दी. इससे पहले बीसीबी ने आईसीसी को सूचित किया था कि बांग्लादेश सरकार ने टीम को भारत यात्रा की अनुमति नहीं दी. आगामी टी20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की सहमेजबानी में होना है.
बीसीबी ने गुरुवार को कहा था कि वह इस मामले को आईसीसी की विवाद समाधान कमेटी (DRC) के पास ले जाना चाहता है. हालांकि, आईसीसी ने इस अपील को स्वीकार नहीं किया. यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ, जब बीसीबी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैचों का वेन्यू बदलने की मांग की. यह मांग उस समय सामने आई, जब आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) की फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के निर्देशों के बाद अनुभवी बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान भी करेगा टी20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार? बांग्लादेश के बाहर होने पर नकवी की ICC को धमकी
इसके बाद आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका. इसी हफ्ते आईसीसी ने आधिकारिक तौर पर बीसीबी की मांग खारिज करते हुए साफ कर दिया कि टी20 वर्ल्ड कप का शेड्यूल नहीं बदला जाएगा और बांग्लादेशी बोर्ड को अंतिम फैसला लेने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया.
स्कॉटलैंड के कब-कब होंगे मुकाबले? अब टी20 विश्व कप के लिए स्कॉटलैंड को ग्रुप-सी में रखा गया है, जिसमें बांग्लादेश था. स्कॉटलैंड को अपने पहले तीन ग्रुप मैच कोलकाता में खेलने हैं. 7 फरवरी को वेस्टइंडीज, 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ स्कॉटिश टीम मैदान पर उतरेगी. इसके बाद 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल के खिलाफ उसका आखिरी ग्रुप मैच तय किया गया है. स्कॉटलैंड की टीम आगामी टी20 वर्ल्ड कप में रिची बेरिंगटन की अगुवाई में उतरेगी. स्कॉटिश टीम का ऐलान जल्द ही किया जाएगा.
बता दें कि स्कॉटलैंड की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई थी, लेकिन अब उसकी किस्मत पलट गई है. स्कॉटलैंड की टीम सातवीं बार टी20 वर्ल्ड कप में भाग लेने जा रही है. इससे पहले उसने 2007, 2009, 2016, 2021, 2022 और 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में भी भाग लिया था. 2021 में स्कॉटलैंड सुपर-12 स्टेज तक पहुंचा था. वहीं बाकी पांच मौकों पर वो ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाया. जबकि 2010, 2012 और 2014 के संस्करण में स्कॉटलैंड की टीम टी20 वर्ल्ड कप नहीं खेल पाई थी.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












