
लखन, लखनऊ और लक्ष्मण... 'रामायण' में रवि दुबे की कास्टिंग के पीछे है ये अद्भुत संयोग!
AajTak
टीवी पर हमेशा से जनता के फेवरेट रहे रवि दुबे के 'रामायण' जैसे ग्रैंड प्रोजेक्ट में कास्ट होने पर जनता बहुत खुश थी. लंबे समय से लोगों की नजरों के सामने रहे रवि को फाइनली बड़ा एक्सपोजर मिलने वाला है. लेकिन उनका 'रामायण' तक पहुंचना एक अद्भुत संयोग से भारी हैरान करने वाली कहानी है.
डायरेक्टर नितेश तिवारी की 'रामायण' जिस दिन से अनाउंस हुई, तभी से इंडियन सिनेमा का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है. रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर इस फिल्म में इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के एक से बढ़कर एक नाम कास्ट का हिस्सा हैं. वैसे तो फिल्म की कास्टिंग से जुड़ी एक-एक खबर फैन्स के लिए बहुत एक्साइटिंग थी. लेकिन एक कास्टिंग चॉइस पर जनता बहुत खुश थी- भगवान लक्ष्मण के रोल में रवि दुबे.
टीवी पर हमेशा से सराहे गए रवि को फैन्स बहुत पसंद करते आए हैं, लेकिन अभी तक बड़े पर्दे पर उन्होंने तगड़ा धमाका नहीं किया है. अब सीधा 'रामायण' में रवि को इतना महत्वपूर्ण रोल मिलना, उनके हर चाहने वाले के लिए एक बड़ी खबर थी. लेकिन रवि की कास्टिंग के पीछे एक इतना तगड़ा संयोग है.
जब अनजाने में लक्ष्मण मंदिर जा पहुंचे थे रवि दुबे रवि ने बताया कि 'रामायण' के लिए फाइनल होने से करीब एक साल पहले वो लखनऊ में एक शूट कर रहे थे. ये गुरिल्ला स्टाइल शूट था. रवि बाइक पर थे, उनके पीछे उनकी हीरोइन थी. उन्हें लखनऊ की गलियों में चक्कर काटने थे और क्रू उनके शॉट ले रहा था. इस दौरान रवि के डायरेक्टर कॉल पर थे और उन्हें बता रहे थे कि आगे क्या करना है.
जब डायरेक्टर ने कट बोला तो रवि ने बाइक रोक दी और अगले इंस्ट्रक्शन का इंतजार करने लगे. रवि ने बताया, 'मैं पलटा और देखा सामने एक मंदिर था. वो लक्ष्मण का मंदिर था. मुझे ये बात कभी नहीं पता थी कि उनका भी मंदिर है. तब मुझे याद आया कि लखनऊ असल में लक्ष्मण पुरी है. अगर मैं गलत नहीं हूं तो प्रभु श्रीराम ने उन्हें ये जगह दी थी, ऐसी कहानी सुनने को मिलती है. मैं उस मंदिर के अंदर खिंचा चला गया. मैंने वो तस्वीर भी स्टार-मार्क करके रखी है.'
'रामायण' की कास्टिंग तक रवि भूल गए थे ये किस्सा रवि ने आगे बताया कि वो मंदिर में गए और हाथ जोड़कर आशीर्वाद लिया. एक और दिलचस्प बात ये है कि जिस शो के लिए रवि लखनऊ में शूट कर रहे थे, उसमें उनके किरदार का नाम 'लखन' था. और उस शो का नाम था- 'लखन लीला भार्गव'. रवि बताते हैं कि ये संयोग याद करके उनके रोंगटे खड़े हो जाते हैं.
रवि उस मंदिर और उस तस्वीर की बात पूरी तरह भूल चुके थे. लेकिन एक साल बाद जब वो 'रामायण' में लक्ष्मण के रोल के लिए फाइनल हो चुके थे, उसके बाद उनकी टाइमलाइन पर ये तस्वीर उन्हें दोबारा दिखी. इस संयोग ने रवि को हैरान कर दिया था.













